भीषण गर्मी और लू को लेकर डीएम ने दिए पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश

0
129

अस्पतालों में विशेष इंतजाम और मजदूरों के कार्य समय में बदलाव के आदेश                                                    बक्सर खबर। जिले में बढ़ती भीषण गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। मंगलवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में हीट वेव को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सार्वजनिक स्थलों पर प्याऊ और वॉटर एटीएम की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें। साथ ही खराब पड़े चापाकलों की प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र मरम्मत कराने और आश्रय स्थलों में पेयजल उपलब्ध कराने पर जोर दिया। वॉटर एटीएम की नियमित देखरेख के लिए क्यूआरटी टीम गठित करने तथा प्याऊ में पानी समाप्त होने से पहले पुनः भराव की जिम्मेदारी तय करने के निर्देश भी दिए गए।डीएम ने अधिक भीड़भाड़ वाले स्थानों को चिन्हित कर वहां शेड और पेयजल की व्यवस्था करने तथा माइकिंग के माध्यम से लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की अपील करने को कहा।

स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया गया कि सभी सरकारी अस्पतालों में लू प्रभावित मरीजों के इलाज के लिए कूलर/एसी की व्यवस्था, पर्याप्त ओआरएस, आईवी फ्लूड और जीवनरक्षक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करें। हीट स्ट्रोक वार्ड का संचालन मानक के अनुसार करने, जरूरत पड़ने पर आइसोलेशन वार्ड तैयार रखने और बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं तथा गंभीर मरीजों पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। प्रत्येक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में क्यूआरटी टीम गठित करने के भी निर्देश दिए गए। लोक स्वास्थ्य प्रमंडल को खराब चापाकलों की युद्धस्तर पर मरम्मत कराने और जहां जलापूर्ति नहीं है वहां टैंकर से पेयजल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। वहीं विद्युत विभाग को आंगनबाड़ी केंद्रों में दो दिनों के भीतर बिजली कनेक्शन सुनिश्चित करने तथा सोलर पैनल से संबंधित लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन करने को कहा गया।आईसीडीएस विभाग को सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर पेयजल और ओआरएस की उपलब्धता सुनिश्चित करने, बच्चों को नियमित अंतराल पर पानी पिलाने और लू से बचाव के लिए जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।

जिला पशुपालन पदाधिकारी को जिले के सभी 22 पशु चिकित्सालयों का निरीक्षण कर अद्यतन रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया। वहीं श्रम विभाग को ईंट भट्ठों पर कार्यरत मजदूरों के लिए कार्य समय सुबह 6 से 11 बजे और शाम 4 से 6:30 बजे तक निर्धारित करने, साथ ही कार्यस्थलों पर पेयजल, शेड, ओआरएस और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा औद्योगिक एवं अन्य मजदूरों के बीच लू से बचाव के लिए जागरूकता कैंप आयोजित करने पर भी जोर दिया गया। बैठक में पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य, उप विकास आयुक्त निहारिका छवि, सिविल सर्जन, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here