विभिन्न दलों के नेताओं ने दी श्रद्धांजलि, गरीबों और श्रमिकों के लिए समर्पित उनके जीवन को बताया प्रेरणास्रोत बक्सर खबर। शहर के न्यू आईटीआई रोड स्थित आवास पर मंगलवार को बिहार राज्य प्राइवेट मोटर मजदूर यूनियन के संस्थापक सह वरिष्ठ समाजसेवी एवं कांग्रेस नेता स्वर्गीय शरतचन्द उपाध्याय की 22वीं पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर उनके पुत्र और समाज सेवी पिंटू बाबा द्वारा एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया, जिसमें जिले के विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, गणमान्य व्यक्तियों और मजदूर संगठन से जुड़े लोगों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम की शुरुआत स्वर्गीय शरतचन्द उपाध्याय के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई। उपस्थित वक्ताओं ने उनके जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन गरीबों, असहायों और विशेषकर मोटर मजदूरों के अधिकारों की लड़ाई में समर्पित कर दिया। उनकी कमी आज भी सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्रों में महसूस की जाती है।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए जन सुराज पार्टी के जिलाध्यक्ष बजरंगी मिश्रा ने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की आवाज बनना ही शरतचन्द उपाध्याय की असली पहचान थी। एक संस्थापक के रूप में उन्होंने मोटर मजदूरों को जो मंच दिया, वह आज भी उनकी दूरदर्शिता का प्रमाण है। उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि हम उनके बताए सेवा के मार्ग पर चलें। वहीं कांग्रेस के जिलाध्यक्ष पंकज उपाध्याय ने कहा कि स्वर्गीय शरतचन्द उपाध्याय कांग्रेस पार्टी के एक मजबूत स्तंभ थे। उन्होंने संगठन को सींचने और मजदूर वर्ग को संगठित करने में जो भूमिका निभाई, उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनका सरल स्वभाव और जनसेवा के प्रति उनका जज्बा आज के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। कार्यक्रम में कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता कामेश्वर पांडेय, राजारमण पांडेय, बुच्चा उपाध्याय, यूपी सिंह, धर्मवीर, आयुष, प्रीतम राज, राकेश राय, वार्ड पार्षद चन्दन चौधरी, काजू मिश्रा, गोलू दुबे, मंगला राय, मनीष ओझा, सुमीत, अरुण पहलवान, संजय साधु, हरे कृष्णा व अन्य लोग शामिल हुए।




























































































