चेयरमैन प्रतिनिधि नियामतुल्लाह फरीदी ने कॉलेज का किया निरीक्षण, मूलभूत सुविधाएं जल्द दुरुस्त करने का दिया भरोसा बक्सर खबर। नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत सिर्फ महिलाओं के लिए संचालित एकमात्र उच्च शिक्षा केंद्र केके मंडल महिला महाविद्यालय में मंगलवार को नगर परिषद चेयरमैन प्रतिनिधि नियामतुल्लाह फरीदी ने दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान छात्राओं के लिए बड़ी राहत की घोषणा करते हुए उन्होंने नगर परिषद की ओर से दो नई बसें उपलब्ध कराने की बात कही। निरीक्षण के दौरान पूर्व सदर विधायक व महाविद्यालय के सचिव प्रोफेसर हृदय नारायण सिंह, वार्ड पार्षद गणेश यादव, झब्बु राय, पूर्व मुखिया गुरु दयाल सिंह कुशवाहा समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। टीम ने महाविद्यालय में छात्राओं को मिलने वाली मूलभूत सुविधाओं की बारीकी से जांच और समीक्षा की। इस क्रम में पढ़ाई की व्यवस्था, तकनीकी संसाधन, शौचालय, कंप्यूटर रूम, शुद्ध पेयजल, प्रयोगशाला, कक्षाओं की स्थिति, महाविद्यालय से मुख्य सड़क तक पहुंच पथ तथा परिसर व आसपास के मोहल्लों में जल निकासी जैसी समस्याओं का निरीक्षण किया गया।
मौके पर नियामतुल्लाह फरीदी ने कहा कि छात्राओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए जल्द ही दो नई बसें उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि उन्हें आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। साथ ही उन्होंने महाविद्यालय की सभी जरूरी सुविधाओं को शीघ्र सुचारू करने का भरोसा भी दिया। वहीं, महाविद्यालय के सचिव प्रोफेसर हृदय नारायण सिंह ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि बस सेवा शुरू होने से नगर परिषद क्षेत्र की हजारों छात्राओं को समय पर महाविद्यालय पहुंचने और सुरक्षित घर लौटने में काफी सहूलियत होगी। उन्होंने बताया कि यह बस सेवा पूरी तरह निशुल्क रहेगी, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर छात्राओं को भी बड़ा लाभ मिलेगा। उल्लेखनीय है कि महाविद्यालय में पहले से दो बसें संचालित हैं, जो अब काफी पुरानी हो चुकी हैं। इनमें से एक बस पूर्व सांसद जगदानंद सिंह द्वारा तथा दूसरी बस एक पूर्व एमएलसी के सहयोग से उपलब्ध कराई गई थी।






























































































