105 बच्चों ने सीखे अनुशासन और सेवा के गुर

0
53

मध्य विद्यालय नदांव में पांच दिवसीय स्काउट-गाइड प्रशिक्षण संपन्न, बीडीओ ने स्व-जनगणना को सफल बनाने की अपील की                                                                बक्सर खबर। सदर प्रखंड के मध्य विद्यालय नदावं में आयोजित पांच दिवसीय स्काउट एंड गाइड प्रशिक्षण का समापन सोमवार को उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। समापन समारोह की शुरुआत सदर बीडीओ साधु शरण पांडेय के सम्मान के साथ हुई, जिन्हें स्काउट-गाइड के बच्चों ने स्कार्ट कर मंच तक पहुंचाया। प्रशिक्षण के दौरान बच्चों द्वारा सीखी गई गतिविधियों का शानदार प्रदर्शन किया गया, जिसे देखकर मुख्य अतिथि बीडीओ ने उनकी जमकर प्रशंसा की। उन्होंने विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण बच्चों में अनुशासन, सेवा भावना और सहयोग की प्रवृत्ति विकसित करते हैं। अपने संबोधन में उन्होंने आगामी राष्ट्रीय जनगणना 2027 के संदर्भ में शिक्षकों से अपील की कि वे बच्चों के अभिभावकों के सहयोग से स्व-जनगणना कार्य को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।

कार्यक्रम में नदाव पंचायत की मुखिया प्रतिनिधि पिंकी चौहान ने भी विद्यालय के कार्यों की सराहना करते हुए विद्यालय विकास में तन, मन और धन से सहयोग का आश्वासन दिया। इस अवसर पर बीडीओ एवं मुखिया प्रतिनिधि द्वारा प्रशिक्षणार्थियों को कॉपी, पेन एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाध्यापक डॉ. सुरेंद्र कुमार सिंह ने की, जबकि मंच संचालन अनंत कुमार सिंह ने किया। स्काउट-गाइड के जिला संयोजक परशुराम सिंह की भूमिका भी सराहनीय रही। प्रशिक्षण में कुल 105 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इस मौके पर जयप्रकाश सिंह, रंजू कुमारी, मीरा कुमारी, तृप्ति सिन्हा, नसर आलम हाशमी, संतोष कुमार सिंह, राहुल कुमार सहित अन्य का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अंत में प्रधानाध्यापक डॉ. सुरेंद्र कुमार सिंह ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण बच्चों में अनुशासन, धैर्य, सेवा और सहयोग की भावना विकसित करने के साथ-साथ तनाव को कम करने में भी सहायक होते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here