डीएम-एसपी के नेतृत्व में अधिकारियों ने वार्डों और सेल को खंगाला बक्सर खबर। जिले के सेंट्रल जेल में शुक्रवार की सुबह करीब 5 बजे प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने औचक निरीक्षण किया। जिलाधिकारी साहिल और पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य के नेतृत्व में चलाए गए इस सर्च अभियान में जेल परिसर के अंदर व्यापक स्तर पर तलाशी ली गई, जिससे कुछ देर के लिए हड़कंप की स्थिति बन गई। छापेमारी अभियान में एडीएम अरुण कुमार सिंह, सदर एसडीएम अविनाश कुमार, सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय, डुमरांव एसडीपीओ पोलस्त कुमार सहित विभिन्न थानों के थानाध्यक्ष और भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहे। करीब ढाई घंटे तक चले इस अभियान के दौरान जेल के सभी वार्डों और सेल की सघन जांच की गई।
सदर एसडीएम अविनाश कुमार ने बताया कि तलाशी के लिए अलग-अलग पदाधिकारियों के नेतृत्व में टीमों का गठन किया गया था, जिन्होंने जेल के कोने-कोने की बारीकी से जांच की। सुबह लगभग 7:30 बजे सर्च ऑपरेशन समाप्त होने के बाद सभी अधिकारी और पुलिसकर्मी जेल परिसर से बाहर निकले। निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक ज्ञानिता गौरव भी मौजूद रहीं। जिलाधिकारी साहिल ने बताया कि छापेमारी के दौरान किसी भी प्रकार का आपत्तिजनक सामान बरामद नहीं हुआ। जेल के अंदर की व्यवस्था संतोषजनक, सुव्यवस्थित और अच्छी तरह मेंटेन पाई गई।






























































































