—शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम से स्कूल में जश्न का माहौल बक्सर खबर। शहर के बाईपास रोड स्थित बिहार सेंट्रल स्कूल में गुरुवार को सीबीएसई 10वीं बोर्ड परीक्षा के शत-प्रतिशत परिणाम पर सफल छात्र-छात्राओं के सम्मान में अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का स्वागत पुष्प वर्षा, मिठाई और उपहार देकर किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के सचिव सरोज सिंह ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह सफलता केवल छात्रों की मेहनत का परिणाम नहीं, बल्कि अभिभावकों और गुरुजनों के समर्पण का भी प्रतिफल है। उन्होंने विद्यालय परिवार की ओर से सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। अपने प्रेरणादायक संबोधन में उन्होंने कहा कि सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में सफलता छात्र जीवन का पहला महत्वपूर्ण सोपान है, जो उनके भविष्य की दिशा तय करता है।
उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि असली सफलता वही है, जो समाज और परिवार के उत्थान में योगदान दे। उन्होंने यह भी कहा कि सफल छात्रों का दायित्व है कि वे अपने जूनियर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करें और उन्हें सही दिशा दिखाएं। समारोह में छात्रों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि सतत अध्ययन, मनन और चिंतन ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि लक्ष्य अर्जुन जैसा, प्रयास एकलव्य जैसा और चिंतन नचिकेता जैसा हो, तो सफलता निश्चित है। इस अवसर पर विद्यालय के मेधावी छात्र-छात्राओं को विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिनमें रक्षा कुमारी, विकास, आयुष्मान, सत्यामूजा, आस्था, राज सिंह, हरिओम, रोशनी और समिति सहित अन्य विद्यार्थी शामिल रहे।




























































































