94% के साथ अंबरीश और आशीष संयुक्त टॉपर, स्कूल में जश्न का माहौल बक्सर खबर। सीबीएसई कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा के घोषित परिणाम में शहर के समीप अर्जुनपुर स्थित हेरिटेज स्कूल ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए सफलता का नया इतिहास रच दिया है। विद्यालय का परीक्षा परिणाम इस वर्ष शत-प्रतिशत रहा, जहां सभी छात्र सफल घोषित हुए और किसी को भी असफलता का सामना नहीं करना पड़ा। विद्यालय के छात्रों ने न केवल पिछली उपलब्धियों को दोहराया, बल्कि इस बार और बेहतर प्रदर्शन करते हुए नए मानक स्थापित किए हैं। इस वर्ष अंबरीश आनंद पाठक और आशीष राज ने 94% अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं, स्वस्तिका राय ने 93.2%, कस्तूरी मिश्रा ने 91.4% और नमन पांडेय ने 91.2% अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। विद्यालय के प्रेसिडेंट प्रेम कुमार पाठक ने सभी सफल विद्यार्थियों को आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि केवल अंकों की नहीं, बल्कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास की सच्ची पहचान है। उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि बोर्ड परीक्षा जीवन का एक पड़ाव मात्र है और आगे उन्हें और भी बड़े लक्ष्य हासिल करने हैं।
प्राचार्या डॉ. सुषमा कुमारी ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि छात्रों की लगन और अनुशासन का यह उत्कृष्ट परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि विद्यालय भविष्य में भी इसी तरह बेहतर परिणाम देता रहेगा। निदेशक डॉ. प्रदीप पाठक ने भी विद्यार्थियों की सफलता पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि यह परिणाम छात्रों के दृढ़ संकल्प और सही मार्गदर्शन का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि यह सफलता उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। विद्यालय परिसर में परिणाम घोषित होने के बाद खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला। विद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




























































































