अंबेडकर जयंती पर युवाओं से नशा और अंधविश्वास से दूर रहने की अपील बक्सर खबर। शहर के स्टेशन रोड स्थित नगर भवन में मंगलवार की शाम B-S4 (बहुजन सेना) के तत्वाधान में संविधान निर्माता बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की जयंती सह प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल कुमार शामिल हुए। समारोह में बड़ी संख्या में समाज के लोग, छात्र-छात्राएं और गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही। समारोह को संबोधित करते हुए अनिल कुमार ने कहा कि बाबा साहब का जीवन संघर्ष, शिक्षा और समानता का प्रतीक है। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही समाज को सशक्त बनाया जा सकता है। उन्होंने “शिक्षित बनो, संगठित हो, संघर्ष करो” के मूल मंत्र को दोहराते हुए बहुजन समाज से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने और एकजुट होकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि आज भी समाज का एक बड़ा वर्ग शिक्षा और संसाधनों से वंचित है, जिसे मुख्यधारा में लाना समय की मांग है। इसके लिए सरकार के साथ-साथ समाज के जागरूक लोगों को भी आगे आकर जिम्मेदारी निभानी होगी। इस दौरान उन्होंने प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को सम्मानित करते हुए शिक्षा को सफलता की कुंजी बताया। युवाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने नशा और अंधविश्वास से दूर रहकर लक्ष्य की ओर अग्रसर होने की अपील की। उन्होंने कहा कि सामाजिक एकता, भाईचारा और आपसी सम्मान ही मजबूत समाज की नींव है। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभावान छात्रों को सम्मानित किया गया और समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम से पूर्व अनिल कुमार ने राजपुर प्रखंड के जमौली, इटाढ़ी प्रखंड के कुकुढा एवं सदर प्रखंड के सोधीला गांव में बाबा साहब की प्रतिमा का अनावरण किया। साथ ही राजपुर प्रखंड मुख्यालय और जिला मुख्यालय के अंबेडकर चौक पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर संजय मंडल, अभिमन्यु कुशवाहा, सुभाष गौतम, जेपी यादव, कमलेश राव, रमेश राजभर, शिवबहादुर पटेल, अनिल कुशवाहा, मुकेश पासवान, पप्पू पटेल, अनिल गौतम, अयोध्या राम, नंद प्रकाश, मन्नी यादव, सरोज साधु सहित भारी संख्या में महिलाएं, पुरुष एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।






























































































