दवाइयों के दुष्प्रभाव और बढ़ते मधुमेह पर डॉक्टरों ने किया आगाह

0
159

विश्व स्वास्थ्य दिवस पर आईएमए और रोटरी क्लब की संयुक्त गोष्ठी                                                            बक्सर खबर। शहर के पुराने बस स्टैंड परिसर स्थित रेडक्रॉस सोसायटी भवन में मंगलवार की शाम विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन एवं रोटरी क्लब की जिला इकाई द्वारा संयुक्त गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में चिकित्सकों एवं समाजसेवियों ने स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की। गोष्ठी में मौजूद चिकित्सकों ने आमजन को जागरूक करते हुए दवाओं के सेवन, जीवनशैली और बढ़ती बीमारियों को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए। इस दौरान डॉक्टर अरुण कुमार ने कहा कि किसी भी दवा का सेवन सोच-समझकर करना चाहिए, क्योंकि हर दवा के लाभ के साथ उसके दुष्प्रभाव भी होते हैं। विशेष रूप से बीपी के मरीजों को नियमित रूप से दवा लेते रहना चाहिए।

वहीं डॉक्टर सीएम सिंह ने कहा कि क्षेत्र में मच्छरों का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है, जिससे आमजन परेशान हैं। इस दिशा में प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता है। डॉ दिलशाद आलम ने बताया कि भारत में मधुमेह के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है और बड़ी संख्या में युवा इससे प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने नियमित व्यायाम और संतुलित खान-पान को इससे बचाव का सबसे प्रभावी उपाय बताया। कार्यक्रम में आरएन तिवारी ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए स्वास्थ्य जागरूकता के ऐसे आयोजनों की निरंतरता पर जोर दिया। वहीं डॉ रितेश चौबे और डॉ चंद्र मोहन सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को स्वयं इसकी देखभाल करनी चाहिए। गोष्ठी में डॉक्टर बीके सिंह, सुरेश अग्रवाल, सौरभ तिवारी, दीपक अग्रवाल, मनीष कुमार पांडेय, मनोज कुमार, निसार अहमद, सुरेश अग्रवाल, शाहिद जमाल समेत रेडक्रॉस सोसायटी के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में दीपक अग्रवाल ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here