पछुआ हवाओं ने बरपाया बधार में तांडव, 15 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख

0
1110

ट्रैक्टर और पंपसेट से ग्रामीणों ने पाया काबू, मुआवजे की आस में पीड़ित किसान                                             बक्सर खबर। बढ़ती गर्मी और पछुआ हवाओं के जानलेवा संयोजन ने सिकरौल थाना क्षेत्र के जिगना गांव के किसानों पर कहर बरपाया है। शुक्रवार की दोपहर जिगना पश्चिम बधार स्थित ब्रह्म बाबा स्थान के पास में अचानक लगी भीषण आग ने देखते ही देखते 15 बीघा में लहलहाती गेहूं की फसल को राख के ढेर में तब्दील कर दिया। इस घटना ने करीब आधा दर्जन किसानों के साल भर के राशन और आमदनी पर पानी फेर दिया है। दोपहर के वक्त जब धूप अपने चरम पर थी, खेतों से धुएं का गुबार उठता देख ग्रामीणों के होश उड़ गए। तेज हवा के झोंकों ने आग को इतनी गति दी कि देखते ही देखते लपटें विकराल हो गईं। गांव वालों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचित किया, लेकिन आग की रफ्तार को देखते हुए वे खुद मोर्चा संभालने को मजबूर हुए।

दर्जनों पंपसेट चलाए गए और ट्रैक्टरों से खेतों की जुताई कर फायर लाइन बनाई गई ताकि आग को आगे बढ़ने से रोका जा सके। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया। इस भीषण अग्निकांड में फसल गंवाने वाले किसानों के घरों में मातम पसरा है। प्रभावित किसान नागेन्द्र राम, नंद कुमार, विजय राम, रामायण राम और राम प्रसाद पासवान ने बताया कि उनकी मेहनत और लागत दोनों ही स्वाहा हो गई है। मौके पर पहुंची सिकरौल पुलिस ने स्थिति का जायजा लिया। अब पीड़ित किसानों ने जिला प्रशासन और कृषि विभाग से मांग की है कि राजस्व कर्मचारी को भेजकर नुकसान का अविलंब सर्वेक्षण कराया जाए और उचित मुआवजा दिया जाए ताकि वे इस बड़े आर्थिक संकट से उबर सकें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here