आपात स्थिति के लिए जारी किए गए विशेष हेल्पलाइन नंबर बक्सर खबर। गर्मी के बढ़ते प्रकोप और आगलगी की घटनाओं की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। इसी क्रम में शुक्रवार को जिला समादेष्टा-सह-जिला अग्निशमन पदाधिकारी सुबास सिंह के निर्देश पर शहर के व्यवसायिक प्रतिष्ठानों में व्यापक अग्नि सुरक्षा निरीक्षण एवं मॉक ड्रिल सह जन-जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया। अनुमंडल अग्निशमालय पदाधिकारी सुनंदा कुमारी के नेतृत्व में फायर ब्रिगेड की टीम ने शहर के भीड़भाड़ वाले और प्रमुख व्यावसायिक केंद्रों का दौरा किया, जिनमें मुख्य रूप से श्री लक्ष्मी मेगा मार्ट, ब्लैक बेरी शोरूम और स्टाइल बाजार शामिल है। संस्थानों में स्थापित अग्नि सुरक्षा उपकरणों की कार्यक्षमता को बारीकी से जांचा।
इस दौरान सब ऑफिसर भानु प्रताप, अग्निक चालक संतोष कुमार, अग्निक लवली कुमारी एवं अग्निक फंटूश कुमार ने मौजूद कर्मचारियों और ग्राहकों को आग लगने की स्थिति में बचाव के तरीके बताए। टीम द्वारा पोर्टेबल अग्निशमन यंत्रों को चलाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रतिष्ठान संचालकों को कड़े निर्देश दिए गए कि वे अपने परिसरों में सुरक्षा मानकों का हर हाल में पालन करें ताकि किसी भी आपात स्थिति में जन-धन की हानि को रोका जा सके। जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से विभाग द्वारा पंपलेट का वितरण भी किया गया। अधिकारियों ने अपील की कि आग लगने की सूचना तत्काल आपात कालीन नंबर: 101, 112 तथा 74858 05930, 74858 05931 नंबरों पर दें।






























































































