लग्जरी कार से विदेशी शराब बरामद, आजमगढ़ का युवक गिरफ्तार

0
140

बंगाल नंबर की कार… यूपी से तस्करी, चेक पोस्ट पर पकड़े गए 650 टेट्रा पैक शराब                                          बक्सर खबर। जिले में शराब तस्करों के मंसूबों पर पानी फेरते हुए उत्पाद विभाग ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। उत्तर प्रदेश की सीमा से बिहार में शराब खपाने की कोशिश को नाकाम करते हुए टीम ने वीर कुंवर सिंह सेतु स्थित चेक पोस्ट पर एक लग्जरी कार से भारी मात्रा में विदेशी शराब जब्त की है। उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल ने बताया कि उत्तर प्रदेश की सीमा से वीर कुंवर सिंह सेतु मार्ग के जरिए एक हुंडई आई 10 कार (रजिस्ट्रेशन नंबर WB 42 S-2977) बिहार में प्रवेश करती दिखी। चेक पोस्ट पर तैनात टीम को वाहन की गतिविधि संदिग्ध लगी, जिसके बाद सघन तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान कार के अंदर विशेष रूप से छुपाकर रखी गई 117 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। बरामद शराब में ऑफिसर चॉइस व्हिस्की के 180 एमएल के कुल 650 टेट्रा पैक शामिल हैं। यह पूरी कार्रवाई एक्साइज इंस्पेक्टर कुंदन कुमार के नेतृत्व में की गई। मौके से गिरफ्तार युवक की पहचान उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के दिघवनिया मझौआ गांव निवासी लालचंद्र यादव के 25 वर्षीय पुत्र नीतीश यादव के रूप में हुई है। उत्पाद विभाग ने उसके विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। उत्पाद अधीक्षक ने कहा कि सीमावर्ती इलाकों में निगरानी और सघन चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा तथा शराब तस्करी के किसी भी प्रयास को सख्ती से विफल किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here