-मुफस्सिल थाना के महदह गांव की घटना
बक्सर खबर। कुएं में मोटर निकालने पहुंचे तीन लोगों के साथ रविवार की सुबह हादसा हो गया। सभी बेहोश हो गिर पड़े। उन्हें सदर अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सकों ने एक को मृत घोषित कर दिया। दो का उपचार चल रहा है। उनकी हालत भी गंभीर बनी हुई है। मृतक का नाम जय प्रकाश कुशवाहा (54 वर्ष) बताया जा रहा है। घटना मुफस्सिल थाना के महदह गांव की है। अन्य दो पीड़ित का नाम अजय कुशवाहा (35 वर्ष) और जसवंत कुशवाहा (40 वर्ष) बताया जा रहा है। ग्रामीण सूत्रों के अनुसार तीनों गांव के एक पुराने कुएं में मोटर निकालने उतरे थे। जहां दम घुटने के कारण वे बेहोश हो गए।
ग्रामीणों ने उन्हें बाहर निकाला। कुछ लोग कुएं में जहरीली गैस होने की बात कह रहे थे। सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाने की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस की टीम उनके साथ अस्पताल भी गई। फिलहाल दोनों का उपचार सदर अस्पताल में चल रहा है। पूछने पर थानाध्यक्ष मुफस्सिल शंभू भगत ने बताया पूछताछ में पता चला कि जय प्रकाश कुशवाहा अंदर बेहोश होकर गिर गए थे। उन्हें निकालने गए दो अन्य युवक भी बेहोश हो गए। लेकिन, अन्य ग्रामीणों ने सभी को बाहर निकाल अस्पताल पहुंचाया। उनमें से एक जय प्रकाश के मौत हो चुकी है।































































































