अहियापुर कांड: दो और आरोपियों ने किया कोर्ट में सरेंडर, अब तक 13 पहुंचे जेल

0
1525

छह अब भी फरार, पुलिस और जनता की टिकी निगाहें क्या बाकी आरोपी पकड़े जाएंगे या करेंगे सरेंडर    बक्सर खबर। राजपुर थाना क्षेत्र के चर्चित अहियापुर तिहरे हत्याकांड में बुधवार को दो और आरोपियों ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया। मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी के न्यायालय में पेश हुए राजवीर कुमार उर्फ राजवीर यादव पिता- संतोष कुमार यादव और कुणाल सिंह पिता- मनोज सिंह ने खुद को कानून के हवाले कर दिया। दोनों ने सिर्फ समर्पण आवेदन दिया और जमानत के लिए अर्जी नहीं दी। कोर्ट ने न्यायिक प्रक्रिया पूरी करते हुए उन्हें जेल भेज दिया।

गौरतलब है कि इस दिल दहला देने वाली घटना में कुल 19 लोगों को नामजद किया गया था। इनमें से अब तक 13 आरोपी जेल पहुंच चुके हैं। इनमें 9 ने कोर्ट में सरेंडर किया जबकि 4 को पुलिस ने छापेमारी कर दबोचा। यह घटना एक महीने पहले अहियापुर गांव में हुई थी, जिसने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया। गांव में अंधाधुंध फायरिंग में 6 लोग गोली का शिकार हुए थे। दो की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि एक घायल ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। बाकी तीन अब भी इलाजरत हैं। फिलहाल 6 आरोपी अभी भी फरार चल रहे हैं। अब सबकी नजर इस बात पर है कि क्या ये लोग भी सरेंडर करेंगे या पुलिस को इनकी तलाश में और मेहनत करनी पड़ेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here