– जगह-जगह स्ट्रीट लाइट, पेयजल व साफ-सफाई खर्च होगी राशि
बक्सर खबर। चौसा नगर पंचायत के विकास पर आने वाले वित्तीय वर्ष 2023-24 में 18 करोड़ रुपये खर्च होंगे। जरुरतों के हिसाब से तैयार बजट को बोर्ड की बैठक में मंगलवार को अनुमति प्रदान की गई। इस राशि का बड़ा हिस्सा सौंदर्यीकरण व आधारभूत संरचना पर खर्च होगा। पूर्व से बन पंचायत सरकार भवन में बैठक आयोजित थी। जिसकी अध्यक्षता मुख्य पार्षद किरण देवी ने की। नगर पंचायत सह बक्सर नगर परिषद की कार्यपालक पदाधिकारी प्रेम स्वरूप ने उपस्थित पार्षदों के मध्य बजट का प्रारुप प्रस्तुत किया। सबने अपने सुझाव भी दिए।
बातचीत के क्रम में उन्होंने बताया कि हर वार्ड में स्ट्रीट लाइट, नाली-गली, पेयजल के अलावे साफ-सफाई व सौंदर्यीकरण योजना पर बजट राशि खर्च होगी। कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2023-24 की अनुमानित प्रारंभिक शेष राशि लगभग शून्य है। वित्तीय वर्ष 2023-24 में आंतरिक राजस्व, केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार से प्राप्त अनुदानों को मिलकर कुल प्राप्ति करीब एकतीस करोड़ चौबीस लाख बाईस हज़ार रुपये का अनुमान किया गया, तथा कुल व्यय छब्बीस करोड़ चौवन लाख नवासी हज़ार जिसमे स्थापना एवं अन्य राजस्व व्यय में लगभग नौ करोड़ पैतीस लाख सत्ताईस हज़ार खर्च करने का अनुमान है। आधारभूत संरचना एवं अन्य विकाश के कार्यों में पूंजीगत व्यय के रूप में लगभग सत्रह करोड़ उन्नीस लाख बासठ हजार बजट में व्यय हेतु उपबंध किया गया है। अंत में अनुमानित शेष राशि लगभग चार करोड़ उनहत्तर तैतीस हज़ार रहने का अनुमान है। इस दौरान उप मुख्य पार्षद सरिता देवी व अन्य 14 वार्ड सदस्य बैठक में उपस्थित रहे।

































































































