-पुलिस को सतर्क रहने का निर्देश, सादे लिबास में वीडियो बनाने का आदेश
बक्सर खबर। अग्निपथ योजना को लेकर जारी विरोध को देखते हुए एहतियातन सतर्कता बरती जा रही है। बुधवार से दिन में ट्रेनों का परिचालन भी शुरू हो जाएगा। इस दौरान सुबह चार बजे से ही पुलिस फोर्स की तैनाती स्टेशन पर कर दी जाएगी। सुरक्षा के लिए कई अहम निर्णय लिए गए हैं। जैसे ड्रोन की मदद से स्टेशनों के आसपास निगरानी होगी। इतना ही नहीं कुछ पुलिस वाले सादे लिबास में रहेंगे। संदिग्ध लोगों का वीडियो बनाएंगे। जो ट्रेन में अथवा स्टेशन के आसपास देखे जाएंगे।
पुलिस की योजना है डंडा चलाने की जगह, कैमरा चलाकर उपद्रवियों को चिन्हित किया जाएगा। चाहे वे आंदोलनकारी हो अथवा प्रदर्शनकारी। क्योंकि इन्हीं में कुछ लोग राष्ट्र की संपति को नुकसान पहुंचा रहे हैं। उनकी पहचान जरूरी है। सूचना के अनुसार जिले के सभी स्टेशनों पर सुबह से ही सतर्कता बरती जाएगी। इसका निर्देश डीएम व एसपी के स्तर से सभी पदाधिकारियों को दिया गया है। रात में भी स्थिति का जायजा लेने अधिकारियों का दल स्टेशन पहुंचा था। किसको कहां और कैसे अपनी ड्यूटी करनी है। यह पुलिस कर्मियों को समझा दिया गया है। यह सारी सावधानी पिछले दिनों हुए उपद्रव के कारण बरती जा रही है।





























































































