छत के रास्ते दुकान में घुसे चोर, दुकानदारों को समझाने में जुटे थानाध्यक्ष बक्सर खबर। नावानगर थाना क्षेत्र के नावानगर बाजार में गुरुवार की रात अज्ञात चोरों ने एक साथ दो किराना दुकानों को निशाना बनाया। चोरों ने दोनों दुकानों से करीब 30 हजार रुपये नगद चोरी कर ली। घटना के विरोध में शुक्रवार की सुबह दुकानदारों ने बाजार बंद रखा और डुमरांव-बिक्रमगंज पथ को जाम कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार नावानगर गांव स्थित मुख्य बाजार में छट्ठू चौरसिया और शमशेर की किराना दुकानों में चोरी हुई। चोर छत के रास्ते दुकान में दाखिल हुए। बताया जाता है कि छत पर लगा पत्थर हटाकर दोनों दुकानों में बारी-बारी से घुसे और चोरी की घटना को अंजाम दिया।
पीड़ित दुकानदार छट्ठू चौरसिया ने बताया कि उनकी दुकान से करीब 10 हजार रुपये नगद चोरी हुए हैं। वहीं शमशेर किराना दुकान से 20 से 25 हजार रुपये नगद गायब मिले। घटना से नाराज व्यापारियों ने शुक्रवार को दुकानें नहीं खोलीं। इसके बाद बाजार के समीप डुमरांव-बिक्रमगंज मुख्य पथ को जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। सड़क जाम की सूचना मिलते ही नावानगर थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष मंटू कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस दुकानदारों को समझाने और जाम समाप्त कराने में जुटी रही।

































































































