19 मई को लगेगा जॉब कैंप, 750 पदों पर होगी भर्ती

0
0

स्नातक और इंटर पास युवाओं को 30,000 तक का वेतन, पुरुष और महिला दोनों कर सकते हैं आवेदन            बक्सर खबर। जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए अच्छी खबर है। जिला नियोजनालय की ओर से 19 मई को रोजगार मेला सह जॉब कैम्प का आयोजन किया जाएगा। यह कैम्प संयुक्त श्रम भवन, आईटीआई फील्ड स्थित जिला नियोजनालय परिसर में आयोजित होगा। प्रभारी जिला नियोजन पदाधिकारी ने बताया कि कैम्प में विभिन्न कंपनियों द्वारा कुल 750 पदों पर भर्ती की जाएगी। अभ्यर्थियों का चयन योग्यता के आधार पर मौके पर ही किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आगास इंडिया फाउंडेशन में जिला समन्वयक के 100 पदों पर भर्ती होगी। इसके लिए स्नातक योग्यता निर्धारित की गई है। चयनित अभ्यर्थियों को 25 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन मिलेगा।

वहीं व्यवसायी सुरक्षा कल्याण ट्रस्ट में प्रखंड समन्वयक के 100 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इसके लिए भी स्नातक योग्यता अनिवार्य है। अर्पणा आचार कंपनी में सेल्स एग्जीक्यूटिव के 200 पदों पर भर्ती होगी। इसके लिए इंटर या स्नातक पास अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे। पटलीपुत्र प्रॉपर्टी केयर प्राइवेट लिमिटेड में प्रॉपर्टी एजेंट के 250 पदों पर बहाली होगी। चयनित अभ्यर्थियों को 12 हजार से 30 हजार रुपये तक वेतन दिया जाएगा। दही बुनिया ढाबा प्राइवेट लिमिटेड में टेली कॉलर, वेटर, साइड वेटर और क्लीनर के 100 पदों पर भर्ती की जाएगी। होटल प्रबंधन से जुड़े अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। सभी कंपनियों में पुरुष और महिला दोनों अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। कार्यस्थल बिहार के विभिन्न जिलों में रहेगा। स्थानीय स्तर पर भी नियुक्ति की संभावना जताई गई है।

जॉब कैम्प में शामिल होने के लिए जिला नियोजनालय में निबंधन अनिवार्य किया गया है। जिन अभ्यर्थियों का निबंधन नहीं हुआ है, वे नेशनल करियर सर्विस पोर्टल पर ऑनलाइन निबंधन करा सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थियों को बायोडाटा और आधार कार्ड के साथ निर्धारित तिथि पर उपस्थित होने को कहा गया है। नियोजन पदाधिकारी ने बताया कि जॉब कैम्प में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here