कप्तान के औचक निरीक्षण और निलंबन की कार्रवाई का भी नहीं दिख रहा असर बक्सर खबर। जिले में पुलिसिंग व्यवस्था सुधारने के लिए जहां पुलिस अधीक्षक लगातार सख्ती दिखा रहे हैं और रात्रि में खुद सड़कों पर उतरकर औचक निरीक्षण कर रहे हैं, वहीं नगर थाना क्षेत्र में पुलिस की सुस्ती के कारण बाइक चोरों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। शहर के विभिन्न इलाकों से लगातार मोटरसाइकिल चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे आमजन में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला शहर के नालबंद टोली मोहल्ले का है, जहां अभ्युदय प्रेस के पास से एक मोटरसाइकिल चोरी हो गई। मोहल्ला निवासी हरिशंकर गुप्ता, जो श्री रामलीला समिति के संयुक्त सचिव हैं, ने बताया कि उनके ससुर स्व. गजेन्द्र प्रसाद की हीरो सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (संख्या BR-01BA-8273) बीते शुक्रवार को दोपहर करीब एक बजे घर के सामने से चोरी हो गई।
उन्होंने बताया कि बाइक घर के बाहर खड़ी थी और कुछ ही देर में गायब हो गई। घटना के बाद पीड़ित ने नगर थाना में आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर थाना पुलिस की गश्ती व्यवस्था कमजोर है, जिसका फायदा उठाकर चोर गिरोह सक्रिय हो गए हैं। चौक-चौराहों और रिहायशी इलाकों से लगातार हो रही चोरी की घटनाएं पुलिस की सुस्ती को उजागर कर रही हैं। इधर, पुलिस अधीक्षक द्वारा हाल ही में रात्रि औचक निरीक्षण के दौरान लापरवाह पुलिस पदाधिकारियों पर कार्रवाई कर उन्हें निलंबित भी किया गया है। इसके बावजूद जमीनी स्तर पर सुधार नजर नहीं आ रहा है, जो चिंता का विषय बना हुआ है।






























































































