भरत भूषण तिवारी की मौत पर जताया शोक, पीड़ित परिवार को मुआवजा और सुरक्षा देने की मांग बक्सर खबर। विश्वामित्र सेना ने भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव निवासी भरत भूषण तिवारी की कथित पुलिस एनकाउंटर में हुई मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया है। संगठन ने पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। विश्वामित्र सेना के राष्ट्रीय संयोजक राजकुमार चौबे ने कहा कि भरत भूषण तिवारी की मृत्यु बेहद गंभीर और चिंताजनक मामला है। यदि जांच में पुलिस मुठभेड़ फर्जी या अवैध पाई जाती है तो जिम्मेदार अधिकारियों और पुलिसकर्मियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि जिस अधिकारी के नेतृत्व में यह कथित मुठभेड़ हुई, उसे जांच पूरी होने तक तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाए। जांच में दोष सिद्ध होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ हत्या समेत सभी प्रासंगिक धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाए।राजकुमार चौबे ने कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है। प्रत्येक नागरिक को न्याय मिलना उसका संवैधानिक अधिकार है। इसलिए मामले की सच्चाई सामने आनी चाहिए।
विश्वामित्र सेना ने राज्य सरकार से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा, सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित करने की भी मांग की है। संगठन का कहना है कि ऐसी घटनाएं आम लोगों के बीच कानून व्यवस्था को लेकर विश्वास को कमजोर करती हैं। इसलिए सरकार को बिना किसी पक्षपात के पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करानी चाहिए।

































































































