ट्रैक्टर ने दो मासूमों को कुचला, मौके पर मौत

0
2843

मामा की शादी में ननिहाल आए थे बच्चे, चालक वाहन छोड़ फरार                                                              बक्सर खबर। मुरार थाना क्षेत्र के बैदा गांव में रविवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों बच्चे अपने मामा की शादी में शामिल होने ननिहाल आए थे। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। मिली जानकारी के अनुसार, डुमरांव से चौगाईं की ओर मिट्टी लादकर जा रहा एक अनियंत्रित ट्रैक्टर बैदा गांव के पास सड़क किनारे खड़े दो बच्चों को कुचल दिया। घटना रात करीब आठ बजे की बताई जा रही है। दोनों बच्चों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान रोहतास जिले के नटवार थाना क्षेत्र के मुसवट गांव निवासी 12 वर्षीय आनंद शर्मा और अरियांव गांव निवासी 6 वर्षीय आरडी शर्मा के रूप में हुई है।

बताया जाता है कि आरडी शर्मा अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों ने बताया कि दोनों बच्चे अपने मामा दुर्गेश शर्मा की शादी में शामिल होने बैदा गांव आए थे। शादी की रस्में पूरी हो चुकी थीं और रिश्तेदार धीरे-धीरे वापस लौट रहे थे। इसी बीच यह हादसा हो गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसे के समय दोनों बच्चे सड़क किनारे खड़े थे, तभी तेज रफ्तार ट्रैक्टर चालक नियंत्रण खो बैठा और बच्चों को कुचल दिया। घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही मुरार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर को जब्त कर लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि चालक की पहचान कर ली गई है और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here