नगर थाना, नया भोजपुर और औद्योगिक थाना के पदाधिकारियों पर गिरी गाज बक्सर खबर। जिले में पुलिसिया इकबाल बुलंद करने और रात्रि गश्ती को प्रभावी बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। शनिवार की देर रात जब जिला सो रहा था, तब कप्तान खुद सड़कों पर थे। थानों के औचक निरीक्षण के दौरान ड्यूटी में लापरवाही और अनुशासनहीनता पाए जाने पर एसपी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन पुलिस पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मिली जानकारी के अनुसार, अधीक्षक शुभम आर्य द्वारा जिले के विभिन्न थानों की ओ.डी. ड्यूटी और गश्ती व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया गया।
इस दौरान कई पुलिसकर्मी न केवल अपनी जिम्मेदारी के प्रति लापरवाह मिले, बल्कि वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों की धज्जियां उड़ाते भी पाए गए। इसे अनुशासनहीनता की श्रेणी में रखते हुए एसपी ने कड़ा कड़ा फैसला लिया। इस कार्रवाई की जद में नगर थाना के पीटीसी अमरजीत कुमार, नया भोजपुर थाना के पुलिस अवर निरीक्षक नजरूल हक और औद्योगिक थाना के पुलिस अवर निरीक्षक अमरेन्द्र कुमार सिंह आए हैं। इन तीनों ही पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन की अवधि के दौरान इन्हें केवल सामान्य जीवन यापन भत्ता देय होगा। निरीक्षण के दौरान जिन अन्य पुलिसकर्मियों की कार्यशैली संदिग्ध या असंतोषजनक पाई गई है, उनसे भी जवाब-तलब किया गया है। विभाग ने ऐसे सभी दोषी पुलिसकर्मियों से स्पष्टीकरण मांगा है।































































































