शादी समारोह में आई पीड़िता को बेहोशी की हालत में कर्मनाशा नदी के पास छोड़ हुए थे फरार बक्सर खबर। राजपुर थाना क्षेत्र के रामपुर गांव में एक शादी समारोह में आई नर्तकी के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने वाले आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सफलता हासिल की है। रविवार को अनुमंडल पुलिस कार्यालय में आयोजित एक प्रेसवार्ता के दौरान सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि घटना में शामिल कुल पांच नामजद आरोपियों में से चार को गिरफ्तार कर लिया गया है। बीती 1 मई को रामपुर गांव निवासी बंटी राजभर के घर आयोजित शादी समारोह में एक नर्तकी आई थी। आरोप है कि बंटी राजभर, सलमान खान, रामप्रताप राजभर उर्फ प्रेम कुमार और उनके दो अन्य सहयोगियों ने मिलकर पीड़िता के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। दरिंदगी के बाद आरोपियों ने पीड़िता को बेहोशी की हालत में कर्मनाशा नदी के पास छोड़ दिया और फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने मानवीय सूचना और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर छापेमारी करते हुए चार आरोपियों को धर दबोचा। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ के दौरान अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पीड़िता के आवेदन पर राजपुर थाना कांड संख्या 150/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल टीम गठित की। चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है। पांचवें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इस सफल कार्रवाई में सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय के साथ राजपुर थानाध्यक्ष निवास कुमार, अनिषा भारती, सुभाष कुमार, शिवमंडल कुमार, प्रीति कुमारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।






























































































