खराब कैमरों को तत्काल दुरुस्त और संदिग्धों पर पैनी नजर रखने का सख्त निर्देश बक्सर खबर। शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने की दिशा में पुलिस प्रशासन सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में सोमवार को पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने नगर अंचल कार्यालय एवं नगर थाना परिसर में स्थापित सीसीटीवी कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कंट्रोल रूम में लगे कैमरों की कार्यक्षमता, मॉनिटरिंग व्यवस्था, रिकॉर्डिंग प्रणाली तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों की उपस्थिति एवं सतर्कता का बारीकी से जायजा लिया।
एसपी ने कैमरों के माध्यम से शहर के विभिन्न चौक-चौराहों एवं संवेदनशील स्थलों की निगरानी व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक का प्रभावी उपयोग ही अपराध नियंत्रण में सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी सीसीटीवी कैमरे हर समय सुचारू रूप से कार्यरत रहें तथा रिकॉर्डिंग का नियमित बैकअप लिया जाए। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलते ही त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर बल दिया। ड्यूटी पर मौजूद कर्मियों को सजग एवं जिम्मेदार बने रहने की हिदायत देते हुए कहा कि कंट्रोल रूम शहर की सुरक्षा का महत्वपूर्ण केंद्र है। इसकी प्रभावी मॉनिटरिंग से अपराध पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी और आमजन में सुरक्षा का विश्वास बढ़ेगा।

































































































