प्रणव चटर्जी महाविद्यालय में शोक सभा, दो मिनट मौन रख दी श्रद्धांजलि बक्सर खबर। एमवी कॉलेज के भौतिक विज्ञान विभाग के वरिष्ठ शिक्षक एवं पूर्व प्रभारी प्राचार्य प्रो. डॉ. रामाशीष सिंह का बुधवार को 85 वर्ष की आयु में आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही महाविद्यालयों और शिक्षाविदों में शोक की लहर दौड़ गई। प्रो. सिंह ने वर्ष 2007 में महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य के रूप में अपनी सेवाएं दी थीं। अपने लंबे शैक्षणिक जीवन में उन्होंने शिक्षा, अनुशासन और नैतिक मूल्यों के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया। वे अपने सरल स्वभाव, कर्तव्यनिष्ठा और विद्यार्थियों के प्रति समर्पण के लिए सदैव याद किए जाएंगे।
उनके निधन पर इटाढ़ी रोड स्थित प्रणव चटर्जी महाविद्यालय परिसर में प्रधानाचार्य प्रो. महेश दत्त सिंह के नेतृत्व में शोक सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान सभी शिक्षक, शिक्षिकाएं एवं शिक्षाकेत्तर कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। शोक सभा को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य प्रो. महेश दत्त सिंह ने कहा कि प्रो. रामाशीष सिंह न केवल एक कुशल शिक्षक थे, बल्कि वे शिक्षा जगत के ऐसे स्तंभ थे, जिनकी सादगी, अनुशासन और समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बने रहेंगे। उनका जाना अपूरणीय क्षति है। अंत में सभी ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोक संतप्त परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की।


































































































