रोजगार मेला में कल टाटा समेत तीन बड़ी कंपनियां देंगी नौकरियां

0
544

आईटीआई, 12वीं, डिप्लोमा व स्नातक पास अभ्यर्थियों के लिए सुनहरा मौका                                                  बक्सर खबर। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान डुमरांव से प्राप्त सूचना के अनुसार संस्थान परिसर में 19 मार्च को एक दिवसीय कैंपस प्लेसमेंट का आयोजन किया जाएगा। इस रोजगार मेले में टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स, टाटा मोटर्स तथा क्वेस कॉर्प लिमिटेड जैसी प्रतिष्ठित कंपनियां भाग लेंगी। प्राचार्य मो. मसूद रशीद ने बताया कि यह परिसर चयन पूरी तरह निःशुल्क होगा और इसमें आईटीआई, 12वीं, डिप्लोमा तथा स्नातक उत्तीर्ण अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए यह रोजगार पाने का सुनहरा अवसर है। पहली कंपनी टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स के लिए केवल महिला अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इसमें आईटीआई या 12वीं उत्तीर्ण योग्यता निर्धारित है तथा चयनित अभ्यर्थियों को 19,128 रुपये मासिक वेतन दिया जाएगा। कार्यस्थल तमिलनाडु रहेगा।

दूसरी कंपनी टाटा मोटर्स में आईटीआई या 12वीं उत्तीर्ण अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। इसमें 14,649 रुपये के साथ 2,500 रुपये अतिरिक्त भत्ता दिया जाएगा। कार्यस्थल सानंद, गुजरात निर्धारित है। तीसरी कंपनी क्वेस कॉर्प लिमिटेड में स्नातक, डिप्लोमा एवं आईटीआई पास अभ्यर्थियों के लिए अवसर है। इसमें चयनित अभ्यर्थियों को 19,719 रुपये वेतन दिया जाएगा और कार्यस्थल कोलार, कर्नाटक होगा। प्राचार्य ने सभी इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे 19 मार्च को सुबह 10 बजे तक संस्थान परिसर में पहुंचकर अपने सभी आवश्यक दस्तावेज जैसे आधार कार्ड, पैन कार्ड, बायोडाटा, पासपोर्ट साइज फोटो एवं शैक्षणिक प्रमाण पत्र के साथ चयन प्रक्रिया में शामिल रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here