दीप प्रज्वलन और सांस्कृतिक छटा के साथ मना 36वां स्थापना दिवस

0
67

जिलाधिकारी ने जिलेवासियों को दीं शुभकामनाएं, कलाकारों ने बांधा समां                                           बक्सर खबर। जिले के 36वें स्थापना दिवस के अवसर पर मंगलवार को नगर भवन में कला एवं संस्कृति विभाग एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी साहिला, जिला परिषद अध्यक्षा सरोज देवी, उप विकास आयुक्त निहारिका छवि एवं अपर समाहर्ता अरुण कुमार सिंह द्वारा दीप प्रज्वलन एवं केक कटिंग के साथ किया गया। जिलाधिकारी ने जिलेवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बक्सर निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है और इसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, मीडिया, व्यवसायियों, सैनिकों, खिलाड़ियों और कलाकारों का महत्वपूर्ण योगदान है।

उन्होंने बताया कि 17 मार्च 1991 को भोजपुर से अलग होकर बक्सर जिला अस्तित्व में आया था। प्राचीन काल में इसे व्याघ्रसर और सिद्धाश्रम के नाम से भी जाना जाता था। बक्सर महर्षि विश्वामित्र की तपोस्थली और भगवान राम की शिक्षास्थली के रूप में देशभर में प्रसिद्ध है। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार की विभिन्न योजनाओं से जिले को विकास की नई गति मिली है और सामूहिक प्रयासों से बक्सर नई ऊंचाइयों को छू रहा है। इस अवसर पर समाहरणालय पार्क परिसर में जीविका दीदी, आंगनवाड़ी सेविकाओं एवं सहायिकाओं द्वारा आकर्षक रंगोली बनाई गई, जो कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही।

फोटो – नगर भवन में सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति देती छात्राएं

नगर भवन में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों और विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रस्तुतियां दीं। बारूद डांस एकेडमी, एसएस बालिका उच्च विद्यालय, राज +2 उच्च विद्यालय डुमरांव, कैंब्रिज पब्लिक स्कूल, सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, रेडियंट पब्लिक स्कूल, आदर्श बाल विद्यालय एवं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय जासो सहित कई संस्थानों के प्रतिभागियों ने समूह नृत्य और गायन प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। इसके अलावा ओमकार दुबे, सृष्टि कुमारी, मनोज मोहित, नरेंद्र कुमार पांडे एवं अखिलेश तिवारी ने गायन और बांसुरी वादन से कार्यक्रम में सांगीतिक रंग भर दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया और जिले के उज्ज्वल भविष्य के लिए सामूहिक संकल्प लिया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here