निरीक्षण में मिली अनियमितताएं, सूचना पट्ट नहीं रखने पर जवाब-तलब बक्सर खबर। जिलाधिकारी साहिला ने बुधवार को नगर क्षेत्र की विभिन्न गैस एजेंसियों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने गैस वितरण में देरी और पारदर्शिता की कमी पर नाराजगी जताते हुए एजेंसी संचालकों को सख्त निर्देश दिए। निरीक्षण के क्रम में डीएम ने मेसर्स कुंवर ज्योति गैस एजेंसी, दानी कुटिया स्थित गोदाम का निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि पिछले दो दिनों से सिलेंडर वाहन नहीं आने के कारण वितरण बाधित है। एजेंसी द्वारा बताया गया कि 2446 उपभोक्ताओं ने गैस बुकिंग कराई है और 11 मार्च तक की बुकिंग का ही वितरण हो पाया है। इस पर डीएम ने निर्देश दिया कि बुकिंग के अधिकतम तीन दिनों के भीतर ही होम डिलीवरी के माध्यम से गैस उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। साथ ही गोदाम से सीधे उपभोक्ताओं को गैस देने पर सख्त रोक लगाई।
इसके बाद डीएम ने लालगंज स्थित मेसर्स सोनामति इंडेन गैस एजेंसी के गोदाम का निरीक्षण किया। यहां 2600 उपभोक्ताओं की बुकिंग लंबित पाई गई और 13 मार्च तक की बुकिंग का ही वितरण किया जा रहा था। डीएम ने यहां भी तीन दिन के भीतर गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान सोनामति इंडेन गैस एजेंसी में सूचना पट्ट अद्यतन नहीं पाया गया, जबकि पूर्व में इसे अनिवार्य किया गया था। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए जिला आपूर्ति पदाधिकारी को एजेंसी संचालक से कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। साथ ही स्पष्ट किया कि सूचना पट्ट पर बुकिंग तिथि और उपलब्ध स्टॉक की जानकारी प्रदर्शित करना अनिवार्य होगा। डीएम ने कहा कि गैस आपूर्ति में अनावश्यक देरी से उपभोक्ताओं में आक्रोश उत्पन्न हो सकता है, जिससे विधि-व्यवस्था की समस्या भी खड़ी हो सकती है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से गैस एजेंसियों का निरीक्षण करने और किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।


































































































