रेड क्रॉस व सदर अस्पताल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजन, लोगों को किया गया जागरूक बक्सर खबर। जिला स्थापना दिवस के अवसर पर मंगलवार को रेड क्रॉस सोसाइटी और सदर अस्पताल के संयुक्त तत्वावधान में ब्लड बैंक परिसर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 12 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर जरूरतमंदों के लिए जीवनदान दिया। शिविर के सफल आयोजन में ब्लड बक्सर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन रेड क्रॉस सचिव डॉ. श्रवण तिवारी एवं सिविल सर्जन द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। रक्तदान के बाद सभी रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर डॉ. श्रवण तिवारी ने युवाओं को संबोधित करते हुए रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि रक्तदान से शरीर में किसी प्रकार की कमजोरी नहीं आती, यह केवल एक भ्रांति है। रक्तदान को महादान की संज्ञा देते हुए उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से इसमें भागीदारी की अपील की। शिविर में ब्लड बक्सर के संयोजक प्रियेश के नेतृत्व में अरविंद कुमार जायसवाल, विकास कुमार पाल, नीतीश मिश्रा, अभय केसरी, मधुकर उपाध्याय, नसीम राइन, आस्था तिवारी, चंदन कुमार चौबे, लखन शाह सहित अन्य लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। आयोजकों ने बताया कि इस तरह के शिविर न केवल जरूरतमंद मरीजों को राहत पहुंचाते हैं, बल्कि समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता भी बढ़ाते हैं।


































































































