बटुकों के सामूहिक वेद पाठ से जीवंत हुई प्राचीन परंपरा

0
91

सनातन हमारी आत्मा, इसका संवर्धन ही परम धर्म: राजकुमार चौबे                                                       बक्सर खबर। विश्वामित्र सेना द्वारा संपोषित इटाढ़ी प्रखंड के सिक्तोना स्थित श्रीधराचार्य वेद गुरुकुलम में महाशिवरात्रि का पावन पर्व अत्यंत श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। आचार्य रंगनाथ द्विवेदी के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित इस विशेष पूजा-पाठ और अनुष्ठान ने संपूर्ण क्षेत्र को भक्तिमय कर दिया। कार्यक्रम की विशेषता गुरुकुल के बटुकों द्वारा किया गया सामूहिक वेद मंत्रोच्चार रहा, जिसने प्राचीन ऋषि परंपरा की जीवंत स्मृति करा दी। अनुष्ठान के दौरान गुरुकुल के छात्र पारंपरिक गेरुआ वस्त्र धारण कर पूरी तरह भक्ति के रंग में रंगे नजर आए। भगवान भोलेनाथ के लिंग स्वरूप का वैदिक ऋचाओं के साथ विधिवत महाभिषेक किया गया। दुग्ध, गंगाजल, बेलपत्र और धतूरा अर्पित कर देवाधिदेव महादेव की विशेष अर्चना संपन्न हुई।

इस अवसर पर विश्वामित्र सेना के राष्ट्रीय संयोजक राजकुमार चौबे ने गुरुकुल परिवार और जिलेवासियों को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति हमारी पहचान और हमारी आत्मा है। इसकी रक्षा और संवर्धन करना हम सभी का सामूहिक कर्तव्य है। बक्सर की पावन धरती को अयोध्या और काशी की तर्ज पर आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विकास के पथ पर आगे बढ़ाने का संकल्प लेना होगा। पूरे दिन गुरुकुल परिसर में श्रद्धा और अनुशासन का संगम देखने को मिला। शिष्यों और आचार्यों ने मिलकर न केवल धार्मिक अनुष्ठान किए, बल्कि समाज में धार्मिक जागरूकता और सांस्कृतिक एकता को सुदृढ़ करने का सामूहिक संकल्प भी लिया। पूजन के उपरांत उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here