रोजगार और महिला सुरक्षा को लेकर सरकार पर साधा निशाना बक्सर खबर। बिहार में नवगठित एनडीए सरकार के छह महीने पूरे होने पर जन सुराज पार्टी ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। गुरुवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं बक्सर लोकसभा प्रभारी दिवाकर पाठक ने सरकार पर युवाओं, महिलाओं और मजदूरों के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय सरकार ने पांच वर्षों में एक करोड़ रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन छह महीने बाद भी युवाओं को नौकरी नहीं मिल सकी है। उन्होंने दावा किया कि अब तक करीब 9.85 लाख नौकरियां मिल जानी चाहिए थीं, लेकिन बेरोजगारी और पलायन की स्थिति जस की तस बनी हुई है।दिवाकर पाठक ने कहा कि बिहार के केवल 25 प्रतिशत मजदूरों को राज्य में रोजगार मिल पा रहा है, जबकि अधिकांश मजदूर दूसरे राज्यों में पलायन करने को मजबूर हैं। इसे उन्होंने सरकार की रोजगार नीति की विफलता बताया।
उन्होंने बीपीएससी टीआरई-4 भर्ती प्रक्रिया का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सरकार ने छात्रों के साथ छल किया है। चुनाव से पहले भर्ती का नोटिफिकेशन जारी करने का वादा किया गया था, लेकिन अब तक कोई स्पष्ट घोषणा नहीं हुई। आंदोलन कर रहे छात्रों पर केस दर्ज कर सरकार युवाओं की आवाज दबाने का काम कर रही है। महिला सुरक्षा के मुद्दे पर भी उन्होंने सरकार को घेरा। नीट छात्रा हत्याकांड का जिक्र करते हुए कहा कि समय पर चार्जशीट दाखिल नहीं होने से आरोपियों को जमानत मिल गई, जो सरकार की बड़ी विफलता है। उन्होंने कहा कि बेटियों की सुरक्षा के दावे पूरी तरह खोखले साबित हुए हैं।दिवाकर पाठक ने कहा कि जन सुराज पार्टी जनता के साथ मजबूती से खड़ी है और अन्याय के खिलाफ संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने बताया कि 20 मई से “बिहार नवनिर्माण अभियान” के नए चरण की शुरुआत हो चुकी है। अभियान के तहत पार्टी कार्यकर्ता गांव-गांव और घर-घर जाकर लोगों के बीच अपनी बात रखेंगे।
































































































