ठोरा नदी में डूबे तीन किशोर, गांव में मातम

0
1019

नहाने गए चार दोस्तों में तीन की मौत, चौथे ने दौड़कर गांव वालों को दी सूचना                                                                बक्सर खबर। इटाढ़ी थाना क्षेत्र के सरसती गांव में गुरुवार को ठोरा नदी में नहाने गए तीन किशोरों की डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव के चार दोस्त परिजनों को बिना बताए नदी में स्नान करने गए थे। बताया जाता है कि नहाने के दौरान वे मोबाइल से रील बना रहे थे। इसी क्रम में तीन किशोर गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। घटना के समय उनके साथ मौजूद चौथा दोस्त कल्याण शर्मा नदी किनारे था। उसने बताया कि उसके तीनों दोस्त हाथ पकड़कर पानी में नहा रहे थे। अचानक वे गहरे हिस्से में चले गए और देखते ही देखते डूबने लगे। तैरना नहीं आने के कारण वह उन्हें बचा नहीं सका। इसके बाद वह दौड़कर गांव पहुंचा और लोगों को घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही ग्रामीण और परिजन नदी किनारे पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की मदद से तीनों किशोरों को पानी से बाहर निकाला गया। आनन-फानन में उन्हें सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। मृतकों में सरसती डेरा निवासी 13 वर्षीय समर कुमार शर्मा शामिल है। वह छठी कक्षा का छात्र था। उसके पिता रत्नेश कुमार शर्मा बाइक मैकेनिक हैं। दूसरा मृतक 15 वर्षीय कृष्णा कुमार राम था, जो नौवीं कक्षा में पढ़ता था। उसके पिता स्वर्गीय सुरेंद्र प्रसाद राम पूर्व में इटाढ़ी अंचल कार्यालय में चालक रह चुके थे। तीसरे किशोर की पहचान 14 वर्षीय धर्मवीर कुमार, पिता धर्मेंद्र यादव के रूप में हुई है। डॉक्टरों द्वारा मौत की पुष्टि के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here