सरकार पर साधा निशाना, नेताओं ने भ्रष्टाचार और पलायन के उठाए मुद्दे बक्सर खबर। राज्यव्यापी आंदोलन के तहत राष्ट्रीय जनता दल ने बुधवार को शहर के स्टेशन रोड स्थित नगर भवन के सामने एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष शेषनाथ सिंह ने की, जबकि संचालन जिला प्रधान महासचिव धनपति चौधरी ने किया। कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष सह जिला प्रभारी मधु मंजरी विशेष रूप से मौजूद रहीं। धरना के दौरान राजद नेताओं ने महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, ध्वस्त कानून व्यवस्था, गरीबी और पलायन जैसे मुद्दों को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला। नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार जनता की मूल समस्याओं के समाधान में विफल रही है। जिलाध्यक्ष शेषनाथ सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार महंगाई और बेरोजगारी समाप्त करने के वादे के साथ सत्ता में आई थी, लेकिन पिछले वर्षों में इन समस्याओं में और वृद्धि हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी बढ़ने से विकास कार्यों की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है।
उन्होंने हाल में बक्सर में बने रेलवे ओवरब्रिज का उल्लेख करते हुए कहा कि उद्घाटन के कुछ दिनों के भीतर ही उसमें आई तकनीकी खामी निर्माण कार्यों में अनियमितता और जवाबदेही की कमी को दर्शाती है। उन्होंने मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग की। झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष संतोष भारती ने कहा कि बिहार में अपराध की घटनाओं में वृद्धि हुई है। उन्होंने दावा किया कि लूट, चोरी, हत्या और महिलाओं के खिलाफ अपराध की घटनाओं ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। उन्होंने राज्य सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्रदेश उपाध्यक्ष मधु मंजरी ने शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर भी सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि सरकारी शिक्षा व्यवस्था कमजोर हुई है और गरीब तबके के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं में संसाधनों की कमी का भी मुद्दा उठाया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता गणपति मंडल, प्रदेश महासचिव निर्मल कुशवाहा, पूर्व जिलाध्यक्ष भारत सिंह, बबलू यादव, युवा राजद जिलाध्यक्ष सत्येंद्र आजाद, सत्येंद्र सिंह यादव, ददन पासवान, आफताब आलम, उमेश कुमार सिंह, धर्मराज चौहान, रामप्रवेश सिंह, नागेंद्र सिंह, मनोज ठाकुर, अमीरी लाल यादव, छठु राम, जिन्दू यादव, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष इफ्तखार अहमद, मोहन सिंह, शिरंग सिंह, समशेर शर्मा, अखिलेश सिंह, बद्री सिंह, लालजी राम, इस्लाम अंसारी, सरोज राजभर, कृष्णावती देवी, अजीत राम, सुरेश सिंह, मनीष मौर्य, राजू यादव, राजू पासवान, सुभाष यादव, रामेश्वर तुरहा, सरजू यादव, मेहंदी हसन, सियाराम राय, राजेंद्र मौर्य, माधो सिंह, राजीव कुमार, गुड्डू यादव, आनंद रंजना, रामेश्वर सिंह, त्रिलोकी खरवार, राजा खां, महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष पूजा कुमारी, विनोद यादव, मनजी यादव,जिला मीडिया प्रभारी हरेन्द्र कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में राजद कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
































































































