10 लाख की अवैध शराब से लदी पिकअप जब्त, जलकुंभी में कूदकर चालक फरार

0
252

स्टेशन रोड से उत्पाद विभाग ने पकड़ी पिकअप, 212 पेटी शराब जब्त                                                                      बक्सर खबर। उत्पाद विभाग की टीम ने मंगलवार की रात चौसा रेलवे स्टेशन रोड से भारी मात्रा में शराब लदी एक पिकअप जब्त की है। कार्रवाई के दौरान चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। जब्त शराब की कुल मात्रा 2035.920 लीटर आंकी गई है, जिसकी बाजार कीमत 10.23 लाख रुपये बताई गई है। उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल ने बताया कि चौसा चेक पोस्ट प्रभारी प्रियंका कुमारी के नेतृत्व में जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान उत्तर प्रदेश की ओर से तेज गति से आ रही एक पिकअप बिहार सीमा में दाखिल हुई। उत्पाद विभाग की टीम को देखकर चालक ने वाहन की रफ्तार और बढ़ा दी। संदेह होने पर टीम ने उसका पीछा शुरू किया। पीछा करने के दौरान चालक चौसा स्टेशन रोड पर पिकअप खड़ी कर सड़क किनारे लगी जलकुंभी में कूद गया और अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया।

जब्त पिकअप महिंद्रा कंपनी की है, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर JH-01 AE-5416 है। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें बड़ी मात्रा में शराब बरामद हुई। जांच में पिकअप से ब्लू लाइम देसी शराब की 110 पेटी मिली, जिसमें कुल 990 लीटर शराब थी। इसके अलावा 8 पीएम स्पेशल व्हिस्की की 53 पेटी से 457.920 लीटर तथा किंगफिशर बियर की 49 पेटी से 588 लीटर शराब बरामद की गई। उत्पाद विभाग ने कुल 212 पेटी शराब जब्त कर ली है। उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि मामले में उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है। फरार तस्कर की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here