ट्रेनों से सामान उड़ाने वाले दो शातिर लगेज लिफ्टर गिरफ्तार

0
452

सोने की चेन, 8 मोबाइल, लैपटॉप और कार समेत चोरी का भारी सामान बरामद                                                            बक्सर खबर। रेलवे में यात्रियों के सामान चोरी करने वाले दो शातिर लगेज लिफ्टरों को आरपीएफ और जीआरपी ने संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से चोरी का सामान भी बरामद किया गया है। आरोपितों में एक का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 12141 पाटलिपुत्र-एलटीटी एक्सप्रेस और 19421 अहमदाबाद एक्सप्रेस में बैग चोरी की घटनाएं हुई थीं। मामले की जांच के दौरान रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन किया गया। फुटेज में एक व्यक्ति ट्रॉली बैग ले जाते हुए दिखाई दिया।

मुखबिर की सूचना पर उसकी पहचान सूरज कुमार गुप्ता के रूप में हुई। बताया जाता है कि वह पूर्व में भी चोरी के कई मामलों में जेल जा चुका है। इसके बाद आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने पांडे पट्टी स्थित उसके किराए के मकान पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान हकीमपुर गांव निवासी 22 वर्षीय सूरज कुमार गुप्ता और किला मैदान झोपड़पट्टी निवासी 21 वर्षीय अक्षय कुमार के रूप में हुई है। छापेमारी में आरोपितों के पास से एक सोने की चेन, दो ट्रॉली बैग, दो पिट्ठू बैग, आठ मोबाइल फोन, एक लैपटॉप और एक कार बरामद की गई है।

आरपीएफ पोस्ट प्रभारी कुंदन कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपितों की पहचान की गई। संयुक्त कार्रवाई में दोनों को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद किया गया है। बरामद सामान के संबंध में पुलिस जांच कर रही है। मुख्य आरोपित सूरज कुमार गुप्ता का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। वह टाउन थाना, इंडस्ट्रियल थाना, इटाढ़ी थाना समेत अन्य थानों के दर्जनों मामलों में जेल जा चुका है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here