जिलाधिकारी साहिला समेत आला अधिकारियों ने किया निरीक्षण, 2445 आवेदनों में से 2009 का हुआ त्वरित निष्पादन बक्सर खबर। जिले में ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ कार्यक्रम के तहत मंगलवार को विभिन्न पंचायतों में सहयोग शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों का उद्देश्य आमजनों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। चक्की प्रखंड की जवही दियर पंचायत में आयोजित शिविर का निरीक्षण जिलाधिकारी साहिला ने किया। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं को सरल, सुगम और पारदर्शी तरीके से लोगों तक पहुंचाने के लिए पंचायत स्तर पर शिविर लगाए जा रहे हैं। यहां आवेदन, निबंधन, सत्यापन और ई-केवाईसी जैसी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं।
चौगाई प्रखंड की मुरार पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर का शुभारंभ अपर समाहर्ता अरुण कुमार सिंह ने किया। वहीं चौसा प्रखंड की सरेंजा पंचायत में उप विकास आयुक्त निहारिका छवि ने शिविर का उद्घाटन किया। अधिकारियों ने कहा कि शिविरों के माध्यम से प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित हो रहा है। शिविरों में राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, जन वितरण प्रणाली, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, पेयजल, विद्युत, पेंशन, आवास और भूमि विवाद से जुड़ी समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया। निष्पादित आवेदनों के स्वीकृति पत्र भी लाभुकों के बीच वितरित किए गए।

जवही दियर पंचायत के शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। कई मामलों का त्वरित निष्पादन किया गया। चौगाई पंचायत की कवलसिया देवी और डुमरांव पंचायत के राम एकबाल सिंह का आयुष्मान कार्ड बनाया गया। छतनवार पंचायत के लल्लु सिंह के भूमि विवाद और कृष्ण कुमार के आयुष्मान कार्ड से जुड़े मामलों का भी समाधान किया गया। प्रशासन के अनुसार 16 जून तक सहयोग पोर्टल पर कुल 2445 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 2009 आवेदनों का नियमानुसार निष्पादन किया जा चुका है। पंचायतों और नगर निकायों में सहयोग शिविरों का आयोजन आगे भी जारी रहेगा।






























































































