सहयोग शिविर में सीधे अधिकारियों तक पहुंचीं जन-शिकायतें

0
12

पेयजल, शौचालय और पीएम आवास योजना को लेकर आए दर्जनों आवेदन                                                               बक्सर खबर। बिहार सरकार के विशेष आदेशानुसार नगर परिषद द्वारा स्थानीय गोलम्बर पार्क में एक ‘सहयोग शिविर’ का आयोजन किया गया। सरकार के नियमानुसार अब प्रत्येक माह के प्रथम एवं तीसरे मंगलवार को इस प्रकार के शिविरों का आयोजन अनिवार्य रूप से किया जाना है। इसी कड़ी में मंगलवार को इस विशेष शिविर का आयोजन हुआ, जहां नगरवासियों ने सीधे अपनी समस्याओं को लेकर आवेदन जमा किए। शिविर में संबंधित वार्डों के आवेदकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी मूलभूत आवश्यकताओं से जुड़ी समस्याओं को प्रशासन के समक्ष रखा। शहर में विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर खराब पड़े वाटर कूलरों की अविलंब मरम्मत कराने के लिए आवेदन दिए गए।

गोलम्बर पर महिला एवं पुरुष दोनों के लिए पृथक रूप से सामुदायिक शौचालय व मूत्रालय के निर्माण की पुरजोर मांग उठी। बस और ऑटो का इंतजार करने वाले मुसाफिरों के लिए यात्री शेड के सुदृढ़ प्रबंधन का अनुरोध किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने तथा स्वच्छ भारत मिशन के तहत व्यक्तिगत और सामुदायिक शौचालयों की उपलब्धता को लेकर कई महत्वपूर्ण आवेदन प्राप्त हुए। शिविर में आए सभी आवेदनों को नगर परिषद द्वारा गंभीरता से दर्ज कर लिया गया है।अधिकारियों ने आश्वस्त किया है कि सभी प्राप्त जन-शिकायतों की विधिवत जांच कर समय सीमा के भीतर उनका निष्पादन किया जाएगा।

शिविर के सफल संचालन में नगर प्रबंधक राजमणी गुप्ता, मो. वाहिद अहमद, सीएमएम संतोष राय, सीएमएम मनोज केशरी, सीएमएम कुमार अविनाश और नवीन कुमार पाण्डेय की मुख्य भूमिका रही। इसके अलावा नगर परिषद के विभिन्न वार्डों से संबंधित स्वच्छता साथी, सुपरवाइजर एवं प्रबुद्ध वार्डजन शिविर में उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here