अग्निशमन अनुमंडल पदाधिकारी सुनंदा कुमारी के नेतृत्व में 20 संस्थानों में चला विशेष अभियान बक्सर खबर। जिले में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए शुक्रवार को अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी सुनंदा कुमारी के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान अस्पतालों, नर्सिंग होम, होटल, लॉज एवं अन्य आवासीय प्रतिष्ठानों का अग्नि सुरक्षा अंकेक्षण किया गया। कई संस्थानों को अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुपालन के लिए नोटिस जारी किया गया, जबकि कई प्रतिष्ठानों से स्व-घोषणा पत्र प्राप्त किए गए। अभियान के दौरान अग्निशमन विभाग की टीम ने विद्युत भार विश्लेषण, अग्नि सुरक्षा प्रबंधन की समीक्षा तथा अग्निशमन संसाधनों की उपलब्धता की जांच की। होटल रिवर फ्रंट, पल्स हॉस्पिटल, नेहा नर्सिंग होम, होटल रॉयल प्लाजा, होटल श्याम इन, होटल अनिता पैलेस, होटल विजय श्री, होटल अप्सरा, शिवा हॉस्पिटल, शिव रमा चिल्ड्रेन हॉस्पिटल, दामोदर क्लीनिक, मॉडर्न जांच घर, होटल एम्बेसडर सहित कुल 20 संस्थानों का निरीक्षण किया गया।
नेहा नर्सिंग होम को अग्नि अंकेक्षण के लिए नोटिस जारी किया गया तथा स्व-घोषणा पत्र प्राप्त किया गया। दिव्यलोक चिकित्सा केंद्र से अग्नि सुरक्षा संबंधी स्व-घोषणा पत्र लिया गया। प्रकाश यूरो स्टोन एंड किडनी केयर से विद्युत भार संबंधी घोषणा पत्र प्राप्त किया गया तथा उसके अग्नि अंकेक्षण की ऑनलाइन प्रक्रिया शुरू कराई गई। होटल रॉयल प्लाजा और होटल श्याम इन का भी अग्नि अंकेक्षण कर आवश्यक सुरक्षा उपायों के पालन का निर्देश दिया गया। वहीं, लाइफलाइन हॉस्पिटल में अग्नि सुरक्षा के दृष्टिकोण से विशेष मॉक ड्रिल आयोजित की गई। मॉक ड्रिल के माध्यम से अस्पताल कर्मियों को आपात स्थिति में बचाव और राहत कार्यों की जानकारी दी गई।
अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी सुनंदा कुमारी ने कहा कि जिले में संचालित अस्पतालों, नर्सिंग होम, होटल, लॉज एवं अन्य प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि सभी संस्थानों को निर्धारित मानकों के अनुरूप सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कर ऑनलाइन अनापत्ति प्रमाण-पत्र एवं अंकेक्षण पोर्टल पर आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने का निर्देश दिया गया है। नियमों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अभियान के अंत में सभी संबंधित संस्थानों को अग्नि सुरक्षा संबंधी कमियों को दूर कर निर्धारित अवधि के भीतर ऑनलाइन प्रक्रिया पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।































































































