सार्वजनिक बलि से समाज में जाता है नकारात्मक संदेश : राजकुमार चौबे बक्सर खबर। बकरीद के मौके पर खुले में पशु बलि पर रोक संबंधी केंद्र सरकार, विभिन्न राज्य सरकारों एवं उच्च न्यायालय के निर्देशों का विश्वामित्र सेना ने स्वागत किया है। संगठन ने इसे सामाजिक सौहार्द और मानवता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। विश्वामित्र सेना के राष्ट्रीय संयोजक राजकुमार चौबे ने कहा कि किसी भी पर्व या परंपरा के नाम पर जीव-जंतुओं की निर्मम हत्या भारतीय संस्कृति और इंसानियत के विरुद्ध है। उन्होंने कहा कि सनातन परंपरा हमेशा जीव दया और अहिंसा का संदेश देती आई है।
राजकुमार चौबे ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर पशु बलि जैसी घटनाएं समाज में नकारात्मक संदेश देती हैं। इससे संवेदनशील लोगों की भावनाएं भी आहत होती हैं। उन्होंने कहा कि विश्वामित्र सेना इस प्रकार की अमानवीय गतिविधियों का स्पष्ट रूप से विरोध करती है। संगठन ने सरकार से बकरी एवं अन्य पशुओं की बलि पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के लिए कठोर कानून बनाने की मांग की है। विश्वामित्र सेना ने लोगों से अपील की कि सभी पर्व और त्योहार भाईचारे, प्रेम, करुणा और मानवता की भावना के साथ मनाएं। साथ ही किसी भी प्रकार की हिंसा से दूर रहें।
































































































