शहबाज हाशमी की पहल पर विधायक राहुल कुमार सिंह गंभीर, बोरिंग और स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग बक्सर खबर। डुमरांव नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या-19 स्थित रहतुआ (रतऊआं) कब्रिस्तान में बुनियादी सुविधाओं की कमी जल्द दूर होगी। हम पार्टी के युवा जिलाध्यक्ष शहबाज हाशमी के विशेष आग्रह पर डुमरांव विधायक राहुल कुमार सिंह ने डीएम को आधिकारिक पत्र भेजकर त्वरित कार्रवाई की मांग की है। शहबाज हाशमी ने विधायक को अवगत कराया था कि रहतुआ कब्रिस्तान में पानी और रोशनी की भारी किल्लत है। बोरिंग/चापाकल न होने के कारण यहां आने वाले लोगों को जनाजे की नमाज, वजू और अन्य धार्मिक प्रक्रियाओं में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। साफ-सफाई के काम में भी पानी की कमी एक बड़ी बाधा बनी हुई है।
पत्र के माध्यम से विधायक राहुल कुमार सिंह ने प्रशासन का ध्यान इस ओर भी खींचा कि कब्रिस्तान परिसर में स्ट्रीट लाइट की कोई व्यवस्था नहीं है। इस वजह से रात के समय यहां पूरी तरह अंधेरा छाया रहता है। रात में शव को दफनाने आने वाले लोगों को भारी असुविधा होती है। साथ ही, अंधेरे के कारण यहां सुरक्षा से जुड़ी समस्याएं भी बनी रहती हैं। विधायक राहुल कुमार सिंह ने जिलाधिकारी से जनहित और स्थानीय आवश्यकताओं को देखते हुए इस मामले में तत्काल कदम उठाने को कहा है। उन्होंने मांग की है कि कब्रिस्तान परिसर में अविलंब बोरिंग और स्ट्रीट लाइटें लगाने की मंजूरी दी जाए, ताकि स्थानीय जनता और समाज के लोगों को इस गंभीर समस्या से राहत मिल सके।































































































