10 दिनों में 7.50 की बढ़ोतरी से हर वर्ग बेहाल बक्सर खबर। पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर जन सुराज पार्टी ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। पार्टी के जिलाध्यक्ष बजरंगी मिश्रा ने सोमवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि लगातार बढ़ रही ईंधन कीमतों से आम लोगों की परेशानी बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल में 2.61 और डीजल में 2.71 प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। पिछले दस दिनों में ईंधन की कीमतों में करीब 7.50 तक इजाफा हुआ है। बिहार में पेट्रोल 114.70 और डीजल 100.63 प्रति लीटर तक पहुंच गया है। बजरंगी मिश्रा ने कहा कि महंगाई का सबसे अधिक असर मध्यम वर्ग, किसानों, मजदूरों और छोटे कारोबारियों पर पड़ रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी खर्च और बड़े स्तर पर किए गए प्रचार-प्रसार के बाद जनता पर महंगाई का बोझ डाला जा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हालिया विदेश दौरों का जिक्र करते हुए कहा कि विदेश यात्राओं के बाद फिर ईंधन कीमतों में वृद्धि हुई है। इससे सरकार की प्राथमिकताओं पर सवाल खड़े होते हैं। जन सुराज नेता ने कहा कि पेट्रोल-डीजल महंगा होने से परिवहन, खेती, राशन, दूध और सब्जियों सहित रोजमर्रा की सभी वस्तुएं प्रभावित होती हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से तेल भंडार और महंगाई नियंत्रण को लेकर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।
































































































