प्रोफेसर की अमर्यादित भाषा के विरोध में एमवी कॉलेज में अनिश्चितकालीन धरना शुरू

0
317

अर्थशास्त्र विभाग के प्रोफेसर पर महिला कर्मी से अभद्र व्यवहार का आरोप, सार्वजनिक माफी की मांग पर अड़े शिक्षकेतर कर्मचारी                                                  बक्सर खबर। शहर के प्रतिष्ठित महर्षि विश्वामित्र (एमवी) महाविद्यालय में गुरुवार को उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब कॉलेज के समस्त शिक्षकेतर कर्मचारी अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए। पूरा विवाद अर्थशास्त्र विभाग के प्रोफेसर डॉ. राजेश कुमार द्वारा एक महिला कर्मचारी रंजू देवी के साथ कथित तौर पर अमर्यादित भाषा का प्रयोग करने और अभद्र व्यवहार करने से जुड़ा है। इस घटना के विरोध में आक्रोशित कर्मचारी संघ के अध्यक्ष और सचिव के नेतृत्व में सभी गैर-शिक्षण कर्मियों ने कॉलेज परिसर में मोर्चा खोल दिया है। आंदोलनकारियों का साफ कहना है कि जब तक आरोपी प्रोफेसर डॉ. राजेश कुमार सार्वजनिक रूप से रंजू देवी से माफी नहीं मांगते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

धरना पर बैठे कर्मचारियों ने स्पष्ट कहा कि विरोध स्वरूप महाविद्यालय के सभी प्रशासनिक और कार्यालय कार्य पूरी तरह ठप रहेंगे। कर्मचारियों के आंदोलन के कारण कॉलेज के दैनिक कार्यों पर असर पड़ने लगा है। कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि महाविद्यालय परिसर में कर्मचारियों के सम्मान और गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली घटनाएं बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। उन्होंने कहा कि शिक्षकों और कर्मचारियों के बीच आपसी सम्मान का माहौल बना रहना चाहिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here