अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस पर चौसा थर्मल पावर मजदूर यूनियन ने किया श्रमिकों का सम्मान बक्सर खबर। अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर चौसा थर्मल पावर मजदूर यूनियन के बैनर तले यूनियन कार्यालय में भव्य मजदूर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व यूनियन के महामंत्री एवं पूर्व जिला पार्षद अधिवक्ता मनोज कुमार यादव ने किया। समारोह की शुरुआत मजदूर भाइयों, माताओं एवं बहनों से केक कटवाकर की गई, जिसके बाद आरती उतारकर, पुष्पमाला पहनाकर, पुष्पवर्षा करते हुए अंगवस्त्र भेंट कर श्रमिकों को सम्मानित किया गया। साथ ही मिठाई वितरण और केक कटिंग के माध्यम से उत्सव का माहौल बनाया गया। समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. मनोज कुमार यादव ने कहा कि मजदूर वर्ग देश और समाज की असली ताकत है। उनके कठिन परिश्रम, त्याग और समर्पण के बल पर ही राष्ट्र निर्माण और उद्योगों का संचालन संभव हो पाता है। उन्होंने कहा कि खेतों, कारखानों, निर्माण स्थलों, परिवहन और बिजली उत्पादन जैसे हर क्षेत्र में श्रमिकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और उनके बिना विकास की कल्पना अधूरी है।
उन्होंने आगे कहा कि अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस हमें श्रमिकों के अधिकार, सम्मान और सुरक्षा के प्रति सजग रहने का संदेश देता है। मजदूरों को उचित वेतन, सुरक्षित कार्यस्थल, सामाजिक सुरक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलनी चाहिए। श्रमिकों के हितों की रक्षा करना सरकार, समाज और संस्थानों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि चौसा थर्मल पावर मजदूर यूनियन हमेशा मजदूरों के हक और अधिकारों की लड़ाई लड़ती रहेगी और किसी भी प्रकार के शोषण या अन्याय को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस अवसर पर बसपा प्रखंड अध्यक्ष विजय राम, मो. सलीम, रामप्रवेश राजभर, दीपक कुमार, नरेंद्र जी, ईश्वर सिंह, भरत पांडेय, इंद्रासन राम, नंदन द्विवेदी, सुनील राम, श्री निवास राम, नसीम साईं, कन्हैया मालाकार, मुन्ना खरवार, मुन्ना चौधरी, पप्पू चौधरी, गोविंद खरवार, बब्लू पाल, दिलबहार चौधरी, संतोष राम, विरेन्द्र राम, राकेश कुमार, श्रीमन पांडेय, नरेंद्र खरवार, ठाकुर कानू, नीलम देवी, कान्ती देवी, सुनीता देवी, शिवकुमारी देवी, मुन्नी देवी, नेहरून निशा, देवनती देवी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।





























































































