नए भवन, पुस्तकालय, कैंटीन, रानी घाट पुनर्निर्माण और महिला महाविद्यालय की मांग बक्सर खबर। एबीवीपी की जिला इकाई ने शहर स्थित महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय की शैक्षिक समस्याओं को लेकर स्थानीय सांसद सुधाकर सिंह को मांगपत्र सौंपा। मांगपत्र में छात्रों की लंबे समय से चली आ रही मूलभूत शैक्षणिक जरूरतों और सुविधाओं के विस्तार की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई है। विद्यार्थी परिषद की ओर से सौंपे गए मांगपत्र में महाविद्यालय में अत्याधुनिक सुविधाओं के विस्तार, नए भवन निर्माण, समुचित पुस्तकालय एवं वाचनालय, कैंटीन की व्यवस्था तथा रानी घाट के पुनर्निर्माण जैसे मुद्दों को शामिल किया गया है। इसके साथ ही जिले में एक अंगीभूत महिला महाविद्यालय की स्थापना की भी मांग की गई है। इस अवसर पर जिला संयोजक अविनाश पाण्डेय ने कहा कि बक्सर ऐतिहासिक और सांस्कृतिक दृष्टि से समृद्ध होने के बावजूद शिक्षा के क्षेत्र में अब भी पिछड़ा हुआ है।
उन्होंने महाविद्यालय में आधुनिक ‘जी+5’ भवन के निर्माण की आवश्यकता बताते हुए कहा कि इससे व्यावसायिक पाठ्यक्रमों और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे आधुनिक विषयों की पढ़ाई शुरू करने में मदद मिलेगी। साथ ही पुस्तकालय और अन्य शैक्षणिक संसाधनों के विस्तार को भी जरूरी बताया। नगर मंत्री अभिषेक गुप्ता ने महाविद्यालय परिसर स्थित रानी घाट के पुनर्निर्माण और सौंदर्यीकरण पर जोर देते हुए कहा कि इससे ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित रखने के साथ छात्रों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा। उन्होंने कैंटीन जैसी बुनियादी सुविधा के अभाव को भी गंभीर समस्या बताते हुए इसे शीघ्र उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही छात्राओं की सुविधा के लिए जिले में महिला महाविद्यालय की स्थापना को आवश्यक बताया। कॉलेज अध्यक्ष दुर्गेश पांडेय ने कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए इन मांगों पर अविलंब कार्रवाई जरूरी है। इस दौरान खेलो भारत के प्रांत सह संयोजक अनीश तिवारी, मनीष सिंह, विराज सिंह, विवेक पांडेय, नंदन कुमार, प्रशांत चौबे, बंटी पटेल सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




























































































