ईआरएसएस कार्यालय और कंट्रोल रूम का किया औचक निरीक्षण, दिए कड़े निर्देश बक्सर खबर। सोमवार की शाम पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने शहर स्थित इमरजेंसी रिस्पांस सपोर्ट सिस्टम कार्यालय एवं कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली, प्राप्त कॉल्स की मॉनिटरिंग व्यवस्था, रिस्पॉन्स टाइम तथा उपलब्ध तकनीकी संसाधनों का गहनता से अवलोकन किया। निरीक्षण के क्रम में एसपी ने मौजूद पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि आम नागरिकों द्वारा की जाने वाली इमरजेंसी कॉल्स पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी आपात स्थिति में देरी न हो, इसके लिए कॉल रिसीविंग से लेकर फील्ड रिस्पॉन्स तक की पूरी प्रक्रिया में समन्वय और सतर्कता बेहद जरूरी है।
उन्होंने कॉल हैंडलिंग के दौरान संवेदनशीलता और पेशेवर रवैया बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि हर कॉल को गंभीरता से लेना आवश्यक है, क्योंकि यह सीधे आमजन की सुरक्षा और भरोसे से जुड़ा मामला है। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने कंट्रोल रूम परिसर की साफ-सफाई, अनुशासन एवं ड्यूटी में तत्परता बनाए रखने के भी निर्देश दिए। साथ ही कार्यक्षमता को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक सुझाव देते हुए उन्होंने तकनीकी व्यवस्थाओं को अद्यतन रखने पर बल दिया। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।





























































































