शादी का कार्ड बांटने निकले थे दोनों, अनियंत्रित ट्रक ने कुचला, 7 मई को थी बहन की शादी बक्सर खबर। जिले के ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों से भरे घर को मातम में बदल दिया। बहन की शादी का निमंत्रण कार्ड बांटने निकले दो सगे भाइयों की ट्रक की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना आरा-बक्सर फोरलेन पर देवकुली गांव के समीप हुई। मृतकों की पहचान भोजपुर जिले के शाहपुर प्रखंड अंतर्गत करनामेपुर (लालू के डेरा) निवासी बृज बिहारी पासवान के पुत्र गणेश पासवान और मुन्ना पासवान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों भाई बाइक से अपनी बहन की शादी का कार्ड देने लह्ठान जा रहे थे। इसी दौरान देवकुली गांव के पास तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद कुछ देर तक दोनों के शव सड़क पर ही पड़े रहे, जिससे आरा-बक्सर फोरलेन पर यातायात बाधित हो गया। सूचना मिलते ही ब्रह्मपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर, घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। लोगों का आरोप है कि फोरलेन पर ट्रैफिक नियंत्रण के अभाव और भारी वाहनों की लापरवाही के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। उधर, हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। परिजनों के चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया। बताया जा रहा है कि मृतकों की बहन की शादी 7 मई को तय थी, जबकि 3 मई को तिलक और 6 मई को हल्दी की रस्म होनी थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इस हादसे ने पल भर में सारी खुशियां छीन लीं।




























































































