गुरू गरम है : साहब दिन में करते हैं व्यवस्था टाइट, रात में मातहत दिखाने लगते हैं लाइट

0
164

बक्सर खबर (गुरू गरम है)। जहां हर डाल पर उल्लू बैठा हो वहां की आबोहवा का बखान क्या करना। आप कहेंगे ऐसा क्या हो गया जो गुरु उल्लुओं की चर्चा करने लगे। अब अपने शहर का हाल ही देखिए। यहां सड़क जाम से लोगों को राहत दिलाने के लिए बड़े साहब लोग कितनी युक्ती लगा रहे हैं। क्यू आर टी (क्विक रिस्पांस टीम) बनाकर कार्रवाई कर रहे हैं। लेकिन, उस परिश्रम पर उनके ही विभाग के मुलाजीम पानी फेर रहे हैं। शहर में चौक-चौराहे पर जांच हो रही है। नाबालिग से लेकर बगैर कागजात के चलने वाले वाहनों पर नजर रखी जा रही है। इसका मकसद विधि व्यवस्था को चुस्त करना है। और शहर को जाम से मुक्त करना भी। लेकिन, दूसरी तरफ रात के वक्त उन मार्गों से भी भारी वाहनों का आवागमन हो रहा है। जिन रास्तों पर बड़े वाहनों का चलना प्रतिबंधित है। जैसे ग्रामीण सड़कें।

अब 22 अप्रैल की रात बारह बजे का हाल आपको बताते हैं। दृश्य है खतिबा मोड इटाढ़ी का। वहां से सड़क तीन तरफ जाती है। एक कोरान सराय की तरफ नारायणपुर पुल होकर दूसरा धनसोई के रास्ते दिनारा की तरफ। और तीसरा मार्ग सरेंजा की तरफ। रात को एक व्यक्ति टार्च लेकर खड़ा था। कुछ दूरी पर 112 वाली गाड़ी खड़ी थी। बक्सर शहर की तरफ से ट्रकों की कतार वहां पहुंच रही थी। टार्च वाला एक-एक कर किसी को कोरान की तरफ किसी को धनसोई की तरफ रवाना कर रहा था। कोरान की तरफ बड़ी नहर से होकर जाने का रास्ता है। वह सड़क भारी वाहनों के लायक नहीं है। बावजूद इसके बहुतायत मात्रा में ट्रक जा रहे थे। कुछ भारी वाहन उस रास्ते इटाढी की तरफ आ भी रहे थे।

यही हाल जलहरा से कौवा खोच की तरफ जाने वाले नहर मार्ग का भी है। इस मार्ग के दोनों इंड पर वैरियर भी लगा था। जिसे लोगों ने तोड़ दिया है। और लंबे ट्रेलर इस मार्ग में चल रहे हैं। दिन में कम रात के ज्यादा। कुछ दिन पहले दिशा की बैठक में विधायक ने भी यह विषय रखा था। सड़क टूट रही हैं, ग्रामीण परेशान हैं। लेकिन, आप करेंगे क्या जब नीचे वाले ही आपकी योजना पर पानी फेरने में लगे हैं। मुरी कोई और खा रहा है, झाल किसी और को लग रहा है। गुरु का माथा बेवजह झन्ना रहा है।( गुरु गरम है : बक्सर खबर का साप्ताहिक कॉलम है। जो प्रत्येक शनिवार को प्रकाशित होता है। यहां उन मुद्दों को रखा जाता है। जो जनहित से जुड़े हैं और व्यवस्था की कलई खोलने वाले हैं)

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here