बजरंगी मिश्रा की बेटियों ने सीयूईटी पीजी में लहराया सफलता का परचम

0
262

ऑल इंडिया रैंकिंग में टॉप-5 में बनाई जगह, जिले के गणमान्य लोगों ने जताई खुशी                                  बक्सर खबर। जन सुराज पार्टी के जिलाध्यक्ष बजरंगी मिश्रा की पुत्रियों साक्षी मिश्रा और सलोनी मिश्रा ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय सफलता हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। हाल ही में घोषित सीयूईटी पीजी के परिणाम में साक्षी मिश्रा ने 248 अंक प्राप्त कर पूरे देश में तीसरा स्थान हासिल किया है, जबकि उनकी छोटी बहन सलोनी मिश्रा ने 244 अंक के साथ पांचवां स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। दोनों बहनें वर्तमान में दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित नॉर्थ कैंपस में अध्ययनरत हैं। साक्षी मिश्रा दौलत राम कॉलेज की छात्रा हैं, वहीं सलोनी मिश्रा रामजस कॉलेज में पढ़ाई कर रही हैं। सलोनी की उपलब्धियां पहले भी चर्चा में रही हैं, वह उत्तर प्रदेश में 12वीं की टॉपर रह चुकी हैं और इसके लिए उन्हें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा सम्मानित भी किया जा चुका है।

मित्रलोक कॉलोनी निवासी बजरंगी मिश्रा और उनकी पत्नी नीतू मिश्रा ने बेटियों की इस ऐतिहासिक सफलता पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि दोनों ने हमेशा पढ़ाई को प्राथमिकता दी और यह उपलब्धि उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन का परिणाम है। इस दोहरी सफलता की खबर मिलते ही उनके आवास पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। शुभकामनाएं देने वालों में ओमप्रकाश मिश्रा, वरिष्ठ जन सुराज नेता तथागत हर्षवर्धन, कांग्रेसी नेता कामेश्वर पाण्डेय, साहित्यकार धनु लाल प्रेमातुर, रामप्रसन्न द्विवेदी, धनजी पाण्डेय, श्रीकृष्ण चौबे, संजय त्रिपाठी, प्रभु नारायण मंडल, शिवकांत मिश्रा, गुप्तेश्वर चौबे, सुधीर चौबे, डॉ. श्रवण तिवारी, श्रीमन राय, अजित सम्राट सहित कई गणमान्य लोग शामिल रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here