मैराथन व मॉक ड्रिल से दिया अग्नि सुरक्षा का संदेश

0
34

अग्निशमन विभाग ने मैराथन और क्रिकेट में विजेताओं को किया सम्मानित                                                        बक्सर खबर। अग्नि सुरक्षा सेवा सप्ताह (14 से 20 अप्रैल) के अवसर पर गुरुवार को जिला समादेष्टा-सह-जिला अग्निशमन पदाधिकारी सुबास सिंह के निर्देशानुसार जिले में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। अनुमंडल अग्निशमालय पदाधिकारी सुनंदा कुमारी के नेतृत्व में अग्निशमन कर्मियों एवं विद्यार्थियों ने मिलकर लोगों को आग से बचाव के प्रति जागरूक किया। इस दौरान विश्वामित्र फिजिकल एकेडमी एवं सक्षम एकेडमी के बच्चों के साथ पांच किलोमीटर मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। यह दौड़ बाजार समिति से शुरू होकर अंबेडकर चौक, स्टेशन रोड, ज्योति प्रकाश चौक, बाईपास रोड होते हुए गोलंबर तक संपन्न हुई। मैराथन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को मेडल एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।

शाम के समय अग्निशमन विभाग की टीम और दोनों एकेडमी के विद्यार्थियों के बीच एक मैत्री क्रिकेट मैच भी खेला गया। रोमांचक मुकाबले के बाद विजेता टीम को अनुमंडल अग्निशमालय पदाधिकारी सुनंदा कुमारी ने ट्रॉफी प्रदान की। कार्यक्रम के दौरान लोगों को आग से बचाव के व्यावहारिक तरीके भी सिखाए गए। पोर्टेबल अग्निशमन यंत्र चलाने का प्रशिक्षण दिया गया तथा जिले के विभिन्न स्थानों पर बैनर और होर्डिंग लगाकर जनजागरूकता अभियान चलाया गया। वहीं, बुधवार को फिट इंडिया मूवमेंट के तहत अग्निशमन पदाधिकारी एवं कर्मियों ने योगाभ्यास किया और सेंट्रल पब्लिक स्कूल के शिक्षकों एवं बच्चों के साथ प्रभात फेरी निकाली। इस दौरान मॉक ड्रिल के माध्यम से आग लगने की स्थिति में सुरक्षित तरीके से भवन से बाहर निकलने और बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here