लग्जरी कार से 186 लीटर शराब जब्त, चालक गिरफ्तार

0
574

स्कैनर की मदद से तस्करों की चालाकी फेल, बनारस से पटना जा रही खेप बरामद                                        बक्सर खबर। जिले में शराब तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार की शाम उत्पाद विभाग को बड़ी सफलता मिली। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चौसा चेकपोस्ट पर सघन वाहन जांच के दौरान एक टाटा सफारी से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई। मौके से वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया गया। उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल ने बताया कि चेकपोस्ट प्रभारी उत्पाद इंस्पेक्टर प्रियंका कुमारी के नेतृत्व में टीम द्वारा जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान उत्तर प्रदेश की सीमा से आ रही टाटा सफारी बीआर 02 डब्लू 7437 को संदेह के आधार पर रोककर तलाशी ली गई। प्रारंभिक जांच में वाहन सामान्य और अच्छी स्थिति में प्रतीत हो रहा था, लेकिन स्कैनर से जांच करने पर सीट के नीचे बनाए गए गुप्त तहखाने का पता चला।

तहखाने की तलाशी लेने पर विभिन्न ब्रांड की शराब बरामद की गई, जिसमें रॉयल स्टैग व्हिस्की की 88 बोतल (66 लीटर), आफ्टर डार्क व्हिस्की के 495 पीस (89.100 लीटर), सिग्नेचर व्हिस्की के 135 पीस (24.300 लीटर) तथा रिप्स रॉयल व्हिस्की के 39 पीस (7.020 लीटर) शामिल हैं। कुल मिलाकर 186.420 लीटर शराब जब्त की गई। गिरफ्तार चालक की पहचान पटना जिला के कैली धनरूआ गांव निवासी अभय कुमार के 31 वर्षीय पुत्र आशीष कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपी चालक ने बताया कि वह बनारस से शराब की खेप पटना लेकर जा रहा था। उत्पाद विभाग ने वाहन और शराब को जब्त कर लिया है तथा आरोपी के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि शराब तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here